सूडान से भारतीय नागरिकों का चौथा जत्था जेद्दा के लिए रवाना
27-Apr-2023 09:27 AM 1234708
नयी दिल्ली, 26 अप्रैल (संवाददाता) भारतीय नागरिकों का चौथा जत्था ऑपरेशन कावेरी के तहत बुधवार देर रात सूडान से जेद्दा के लिए रवाना हुआ, जत्थे में 136 यात्री शामिल है। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता अरिंदम बागची ने एक ट्वीट में कहा:“ऑपरेशन कावेरी जारी है। “फंसे हुए भारतीयों का चौथा जत्था सूडान से जेद्दा के लिए रवाना हुआ। आईएएफ सी-130जे ने 136 यात्रियों के साथ उड़ान भरी। इससे पहले शाम को सूडान से निकाले गए 360 भारतीय नागरिकों का एक जत्था स्वदेश लौट आया। सूडान से चौथे जत्थे के रवाना होने के साथ, भारत ने अब तक भारतीय नौसैनिक जहाजों और वायुसेना के विमानों के माध्यम से संकटग्रस्त सूडान से 670 भारतीय नागरिकों को सुरक्षित निकाला है। जेद्दा वह जगह है जहां भारत सरकार ने निकासी के लिए एक पारगमन सुविधा स्थापित की है। विदेश मंत्री एस जयशंकर ने एक ट्वीट में कहा “भारत आपकी वापसी का स्वागत करता है। ऑपरेशन कावेरी 360 भारतीय नागरिकों को स्वदेश लाया। इससे पहले, जेद्दा से निकासी के प्रयासों की निगरानी कर रहे विदेश राज्य मंत्री वी. मुरलीधरन ने कहा कि 360 भारतीय जेद्दा से नई दिल्ली जा रहे हैं। “जेद्दा हवाई अड्डे पर 360 भारतीयों को नई दिल्ली के लिए उड़ान में देखकर खुशी हुई , वे जल्द ही अपने परिवारों से मिलेंगे। मंगलवार शाम को, 278 भारतीयों का पहला जत्था आईएनएस सुमेधा पर जेद्दा के लिए सूडान बंदरगाह से रवाना हुआ, जबकि 121 और 135 भारतीयों के दो अन्य जत्थों को बाद में रात में दो आईएएफ सी-130जे विमानों में जेद्दा के लिए रवाना किया गया। श्री मुरलीधरन को जेद्दा में तैनात किया गया है, जहां सूडान से भारतीय नागरिकों की सुरक्षित निकासी की देखरेख के लिए एक नियंत्रण कक्ष स्थापित किया गया है। सूडान में सेना और अर्धसैनिक बल के बीच लड़ाई शुरू होने के समय वहां मौजूद 3,000 से अधिक भारतीयों को निकालने के लिए और उड़ानें भरी जाएंगी।...////...
© 2025 - All Rights Reserved - timespage | Hosted by SysNano Infotech | Version Yellow Loop 24.12.01 | Structured Data Test | ^