पुलिस को दौड़ाने वाले आज खुद पुलिस से बचकर भाग रहे : योगी
18-Sep-2022 09:50 PM 1234664
लखनऊ, 18 सितंबर (संवाददाता) उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को कहा कि प्रदेश में कानून व्यवस्था की स्थित दुरुस्त होने के बाद हालात कुछ यूं बदले हैं कि प्रदेश में पुलिस को दौड़ाने वाले अराजक तत्व, आज खुद पुलिस से बचकर भाग रहे हैं। योगी ने पुलिस आधुनिकीकरण योजना के तहत 56 जिलों के लिए आधुनिक सहूलियतों से युक्त ‘मॉडर्न प्रिजन वैन’ को हरी झंडी दिखाने के बाद कहा कि प्रदेश की कानून व्यवस्था देश और दुनिया में नजीर बनती दिखाई दे रही है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2017 के पहले जिस राज्य में दंगे, अराजकता, गुंडागर्दी चरम पर थी, जहां पुलिस भागती थी और अपराधी उन्हे दौड़ाते थे, आज कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वाले अपराधियों में पुलिस का खौफ है। प्रदेश में अपराधियों में कानून का भय है। उन्होंने कहा कि कानून का राज स्थापित होने से निवेशकों के लिये उत्तर प्रदेश पसंदीदा राज्य बन गया है। योगी ने कहा कि लखनऊ में प्रदेश के पहले ‘पुलिस एंड फॉरेंसिक इंस्टीट्यूट’ की स्थापना की जा रही है। यह न केवल पुलिस महकमे को आधुनिक तकनीक से जोड़ेगा, बल्कि अपराध नियंत्रण में भी इसकी प्रभावी भूमिका होगी। उन्होंने कहा कि पिछले पांच वर्षों उत्तर प्रदेश में बेहतर कानून व्यवस्था के लिए पुलिस आधुनिकीकरण के जो प्रयास शुरू किए गए थे, उसी के तहत गृह विभाग को ‘मॉडर्न प्रिजन वैन’ सौंपी जा रही हैं। योगी ने कहा कि प्रदेश के हर रेंज में साइबर थाने की स्थापना के साथ हर जोन स्तर पर एफएसएल लैब की स्थापना को प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाया गया है। योगी ने कहा कि प्रदेश में पुलिस बल जिन वाहनों से कैदियों को जेल से अदालत और अदालत से जेल तक पहुंचाते थे, वे पुराने हो चुके थे। उनमें आधुनिक तकनीक का उपयोग नहीं किया गया था। ऐसे में कई बार कैदी भाग जाते थे या फिर आपराधिक गिरोह उन पर हमला करके क़ैदियों को छुड़वाने का प्रयास करते थे। ‘मॉडर्न प्रिजन वैन’ ऐसी आधुनिक तकनीक से लैस है, जो पुलिसकर्मियों को सुरक्षित तो रखेगी ही, साथ ही एक एक गतिविधि पर नज़र रखने में भी मदद मिलेगी।...////...
© 2025 - All Rights Reserved - timespage | Hosted by SysNano Infotech | Version Yellow Loop 24.12.01 | Structured Data Test | ^