पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय की भाषा तालिबानी तरीके की : नरोत्तम
21-Jan-2022 01:03 PM 1234810
भोपाल, 21 जनवरी (AGENCY) मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह द्वारा आज मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के बंगले के आगे धरना देने की घोषणा के बीच गृह मंत्री डॉ नरोत्तम मिश्रा ने कहा कि श्री सिंह ने मुख्यमंत्री से समय मांगने के लिए जिस तालिबानी भाषा का उपयोग किया, वह एक राज्यसभा सांसद को शोभा नहीं देता। डॉ मिश्रा ने कहा कि श्री सिंह ने जिस तालिबानी तरीके से मुख्यमंत्री ‌श्री चौहान से मिलने का समय मांगा है, वह ठीक नहीं है। राजनीतिक पाखंड के लिए उन्होंने जिस भाषा का उपयोग किया, वह एक पूर्व मुख्यमंत्री और राज्यसभा सांसद के मुंह से शोभा नहीं देती। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री श्री चौहान से राज्य में कोई भी मिल लेता है। वे स्वयं गांव गांव जाकर लोगों से मिलते हैं, लेकिन श्री सिंह ने समय मांगने के लिए जो तालिबानी भाषा इस्तेमाल की, वह बिल्कुल उचित नहीं। श्री सिंह ने कल कहा था कि मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान से वे आज मिलना चाहते हैं, ताकि टेम और सुठालिया परियोजना के डूब प्रभावितों के संबंध में चर्चा हो सके। श्री सिंह का दावा है कि श्री चौहान के कार्यालय की ओर से उनकी और मुख्यमंत्री की मुलाकात के लिए 21 जनवरी को सवा 11 बजे का समय निर्धारित किया गया था, लेकिन एक दिन पहले अचानक मुलाकात के लिए मना कर दिया गया। इसके बाद उन्होंने आज सुबह 11 बजे मुख्यमंत्री निवास के समक्ष धरना देने की घोषणा की थी।...////...
© 2025 - All Rights Reserved - timespage | Hosted by SysNano Infotech | Version Yellow Loop 24.12.01 | Structured Data Test | ^