28-Feb-2022 06:49 PM
1234678
कोलकाता, 28 फरवरी (AGENCY) फीफा के अध्यक्ष जियानी इन्फेंटिनो ने पूर्व भारतीय फुटबॉलर सुरजीत सेन गुप्ता के निधन पर शोक जताया है। सुरजीत का पिछले हफ्ते कोलकाता के एक अस्पताल में कोरोना वायरस से लंबी लड़ाई लड़ने के बाद निधन हो गया था।
इन्फेंटिनो ने अखिल भारतीय फुटबॉल महासंघ (एआईएफएफ) के अध्यक्ष प्रफुल पटेल को लिखे पत्र में कहा , “ मैं पूर्व अंतरराष्ट्रीय फुटबॉल खिलाड़ी सुरजीत सेन गुप्ता के निधन पर संवेदना व्यक्त करता हूं। इस नुकसान के लिए हम जो दुख महसूस कर रहे हैं उसे व्यक्त करने के लिए हमारे शब्द अपर्याप्त हैं। सुरजीत भारत के दिग्गज फुटबॉलर थे, जिसे उनकी पीढ़ी के महानतम खिलाड़ियों में से एक के रूप में जाना जाता है। वह कई लोगों के लिए प्रेरणा हैं। उनकी विरासत और उपलब्धियों, विशेष रूप से उनके नेतृत्व, व्यक्तित्व और मानवीय गुणों को भुलाया नहीं जाएगा और उन्हें हमेशे याद किया जाएगा। मैं अंतरराष्ट्रीय फुटबॉल समुदाय की ओर से अखिल भारतीय फुटबॉल महासंघ और सुरजीत के परिवार, दोस्तों और प्रियजनों के प्रति अपनी सहानुभूति व्यक्त करता हूं। ”
उल्लेखनीय है कि कोरोना वायरस से संक्रमित पाए जाने के बाद उन्हें 23 जनवरी को अस्पताल में भर्ती कराया गया था और पिछले हफ्ते उन्हें वेंटिलेटर पर रखा गया था। सेन गुप्ता का निधन ईस्ट बंगाल फुटबॉल क्लब के लिए एक बड़े सदमे की तरह है, जिसने पिछले महीने अपने एक और दिग्गज फुटबॉलर सुभाष भौमिक को खो दिया था। सेन गुप्ता, जिन्होंने 24 जुलाई, 1974 को कुआलालंपुर में मर्डेका कप में थाईलैंड के खिलाफ अंतरराष्ट्रीय पदार्पण किया, ने 14 अंतरराष्ट्रीय मैचों में भारत का प्रतिनिधित्व किया और इस दौरान एक गोल किया, जो 1978 के एशियाई खेलों में कुवैत के खिलाफ आया था। उन्होंने 1974 और 1978 में एशियाई खेलों, 1974 में मर्डेका कप, 1977 में सोल में प्रेसिडेंट्स कप और 1979 में यूएई और बहरीन के खिलाफ अंतरराष्ट्रीय मैत्री मैचों में भारत का प्रतिनिधित्व किया।...////...