नीता अंबानी की मदद से मेट संग्रहालय अमेरिका में भारतीय इतिहास पर लगाएगा प्रदर्शनी
19-Jul-2023 04:30 PM 1234691
न्यूयॉर्क 19 जुलाई (संवाददाता) रिलायंस फाउंडेशन की संस्थापक एवं अध्यक्ष नीता अंबानी की मदद से अमेरिका का प्रतिष्ठित मेट संग्रहालय शुक्रवार से भारतीय इतिहास पर प्रदर्शनी लगायेगा। रिलायंस इंडस्ट्रीज की मंगलवार को यहां जारी विज्ञप्ति के अनुसार ‘ट्री एंड सर्पेंट नाम की यह प्रदर्शनी 21 जुलाई से आरंभ होगी। भारत में प्रारंभिक बौद्ध काल के शुरुआती वर्षों से लेकर 600 वर्षो के शानदार सफ़र को यहां प्रदर्शित किया जाएगा। प्रदर्शनी में ईसा से 200 वर्ष पूर्व से ईसा के 400 वर्ष बाद तक का भारतीय बौद्ध इतिहास दिखाया जायेगा। रिलायंस इंडस्ट्रीज की मदद से लग रही ‘ट्री एंड सर्पेंट’ प्रदर्शनी का एक विशेष प्रिव्यू प्रोग्रम रखा गया। इस कार्यक्रम में श्रीमती अंबानी के अलावा अमेरिका में भारत के राजदूत तरनजीत सिंह संधू, और ट्री एंड सर्पेंट के क्यूरेटर जॉन गॉय सहित कला जगत तथा कई अन्य क्षेत्रों की प्रतिष्ठित हस्तियां शामिल हुईं। इस अवसर श्रीमती अंबानी ने कहा, “मैं बुद्ध की धरती, भारत से आती हूँ। रिलायंस इंडस्ट्रीज़ और मेट की पार्टनरशिप को आगे बढ़ाते हुए तथा ‘ट्री एंड सर्पेंट’ प्रदर्शनी को प्रस्तुत करते हुए मुझे गर्व की अनुभूति हो रही है। प्रारंभिक बौद्ध काल के 600 वर्षों की 125 से अधिक कलाकृतियाँ इस प्रदर्शनी में देखी जा सकेंगी। बुद्ध की सोच और भारतीय संस्कृति का गहरा संबंध है। बुद्ध के विचार आजतक दुनिया को प्रभावित कर रहे हैं। हमारा प्रयास है कि भारतीय संस्कृति की खूबियों को हम दुनिया तक पहुँचाएं और दुनिया का सर्वश्रेष्ठ भारत तक लेकर आएँ।” श्रीमती अंबानी प्रतिष्ठित ‘द मेट’ संग्रहालय की पहली भारतीय ट्रस्टी हैं। वर्ष 2019 में उन्हें मेट का ऑनररी ट्रस्टी बनाया गया था। तभी से विभिन्न कार्यक्रमों के जरिए श्रीमती अंबानी भारत की गौरवशाली कला परंपरा को दुनिया के सामने प्रस्तुत करती रहती हैं। द आर्ट इंस्टिट्यूट ऑफ शिकागो में ‘गेट्स ऑफ द लॉर्ड: द ट्रेडिशन ऑफ कृष्णा’ पेंटिंग्स जैसी प्रस्तुतियों को आगे बढ़ाना हो या फिर ‘द मेट’ में लगने वाली भारतीय कला प्रदर्शनियों की मदद करना। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर वैश्विक दर्शकों को भारतीय कला और संस्कृति से रूबरू कराने के लिए भी रिलायंस लगातार प्रयास करता रहता है। रिलायंस ने भारतीय कला और संस्कृति को आगे बढ़ावा देने के लिए हाल ही में ‘नीता मुकेश अंबानी कल्चरल सेंटर’ देश को समर्पित किया था। जिसमें रोजाना पांच से छह हजार दर्शक विभिन्न कला और कलाकारों का हुनर देखने पहुंच रहे हैं।...////...
© 2025 - All Rights Reserved - timespage | Hosted by SysNano Infotech | Version Yellow Loop 24.12.01 | Structured Data Test | ^