मुर्मू, मोदी और शाह ने बिहार दिवस पर शुभकामनाएं दी
22-Mar-2023 10:44 AM 1234684
नयी दिल्ली 22 मार्च (संवाददाता) राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और केन्द्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने बुधवार को बिहार दिवस के अवसर पर राज्य के सभी निवासियों को शुभकामनाएं दी हैं। श्रीमती मुर्मू ने ट्वीट कर कहा, “बिहार दिवस पर राज्य के सभी निवासियों को शुभकामनाएं। भगवान महावीर, भगवान बुद्ध और गुरु गोविंद सिंह जी से जुड़ी यह गौरवमयी धरती, लोकतंत्र की जननी भी है। बिहार के परिश्रमी व प्रतिभावान लोग विकास और समृद्धि की नई गाथाएं लिखेंगे, यह मेरा दृढ़ विश्वास है।” श्री मोदी ने कहा, “बिहार दिवस पर राज्य के अपने सभी भाई-बहनों को बहुत-बहुत बधाई! अपने समृद्ध इतिहास और जीवंत संस्कृति के लिए प्रसिद्ध बिहार के लोग देश के विकास के लिए हर क्षेत्र में अतुलनीय योगदान दे रहे हैं। अपनी लगन और कठिन परिश्रम से उन्होंने एक विशेष पहचान बनाई है।” श्री शाह ने कहा, “सभी को ‘बिहार दिवस’ की शुभकामनाएँ। प्राचीन काल से ही बिहार भारतवर्ष की शिक्षा और नीतियों का केंद्र रहा है। मोदी जी के नेतृत्व में हम भारत के इस सिरमौर की प्रतिष्ठा, संपन्नता और वैभव को पुनर्स्थापित करने के लिए संकल्पित हैं। प्रदेशवासियों की निरंतर खुशहाली की कामना करता हूँ।...////...
© 2025 - All Rights Reserved - timespage | Hosted by SysNano Infotech | Version Yellow Loop 24.12.01 | Structured Data Test | ^