मोदी, शाह ने सतीश कौशिक के निधन पर दुख व्यक्त किया
09-Mar-2023 02:08 PM 1234691
नयी दिल्ली 09 मार्च (संवाददाता) प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, केन्द्रीय गृहमंत्री अमित शाह, सूचना और प्रसारण मंत्री अनुराग ठाकुर तथा महिला और बाल विकास मंत्री स्मृति ईरानी ने गुरूवार को बॉलीवुड अभिनेता, फिल्म निर्माता सतीश कौशिक के निधन पर दुख व्यक्त किया हैं। श्री मोदी ने आज ट्वीट किया, “प्रख्यात फिल्मी हस्ती सतीश कौशिक के असामयिक निधन से दुखी हूं। वह एक रचनात्मक प्रतिभा थे। उन्होंने अपने विलक्षण अभिनय और निर्देशन की बदौलत सभी का दिल जीता। उनकी रचनाएं दर्शकों का मनोरंजन करती रहेंगी. उनके परिवार और प्रशंसकों के प्रति संवेदना प्रकट करता हूं। ओम शांति।” श्री शाह ने ट्वीट किया, “अभिनेता, निर्देशक और लेखक सतीश कौशिक जी के आकस्मिक निधन से गहरा दुख हुआ। भारतीय सिनेमा, कलात्मक कृतियों और प्रदर्शनों में उनके योगदान को हमेशा याद किया जाएगा। उनके शोक संतप्त परिवार और अनुयायियों के प्रति मेरी गहरी संवेदना। ओम शांति शांति।” श्री अनुराग ठाकुर ने ट्वीट किया, “ श्री सतीश कौशिक एक प्रशंसित अभिनेता और निर्देशक थे जिन्होंने हमारे समय के कुछ सबसे यादगार सिनेमाई कार्यों को लिखा। उन्होंने हास्य अभिनय से दर्शकों को हंसाया और उनकी कला उनकी फिल्मोग्राफी के माध्यम से जीवित रहेगी। उनके निधन पर उनके परिवार और शुभचिंतकों के साथ मेरी संवेदनाएं हैं।” श्रीमती स्मृति ईरानी ने सतीश कौशिक के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए ट्वीट किया, “कैलैंडर चला गया।” उन्होंने ट्वीट के साथ सतीश कौशिक का चित्र भी साझा किया। उल्लेखनीय है कि बॉलीवुड के प्रसिद्ध अभिनेता और डायरेक्टर सतीश कौशिक का गुरुवार तड़के दिल का दौरा पड़ने से गुरुग्राम के फोर्टिस अस्पताल में निधन हो गया है।...////...
© 2025 - All Rights Reserved - timespage | Hosted by SysNano Infotech | Version Yellow Loop 24.12.01 | Structured Data Test | ^