मध्य प्रदेश फिल्मों के लिए सर्वाधिक अनुकूल राज्य
23-Jul-2022 12:03 AM 1234668
नयी दिल्ली 22 जुलाई (AGENCY) मध्य प्रदेश ने फिल्मों के लिए सर्वाधिक अनुकूल राज्य यानी ‘मोस्ट फिल्म फ्रेंडली स्टेट’ का पुरस्कार जीता है जबकि उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश को विशेष उल्लेख सम्मान से नवाजा गया है। अड़सठवें राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कारों की जूरी ने शुक्रवार को साल 2020 के विजेताओं की घोषणा करते हुए यह जानकारी दी। किश्वर देसाई की द लॉन्गेस्ट किस ने संबंधित वर्ष के लिए सिनेमा पर सर्वश्रेष्ठ पुस्तक का पुरस्कार जीता, वहीं मलयालम पुस्तक एम टी अनुभवनगलुड पुष्टकम और ओडिया पुस्तक काली पाइन कलीरा सिनेमा को विशेष उल्लेख प्राप्त हुआ। सर्वश्रेष्ठ फीचर फिल्म का पुरस्कार सुधा कोंगरा द्वारा निर्देशित तमिल फिल्म सूरारई पोट्रु को मिला है। तान्हाजी: द अनसंग वॉरियर ने संपूर्ण मनोरंजन यानी होलसम एंटरटेनमेंट प्रदान करने वाली सर्वश्रेष्ठ लोकप्रिय फिल्म का पुरस्कार जीता। वर्ष 2020 के लिए सर्वश्रेष्ठ अभिनेता का पुरस्कार सूरारई पोट्रु के लिए सूर्या और हिंदी फिल्म तान्हाजी: द अनसंग वॉरियर के लिए अजय देवगन ने साझा किया। मनोज मुंतशिर ने हिंदी फिल्म साइना के लिए सर्वश्रेष्ठ गीत का पुरस्कार जीता है। पुरस्कारों की घोषणा से पहले जूरी के अध्यक्ष और अन्य सदस्यों ने केंद्रीय सूचना और प्रसारण मंत्री अनुराग ठाकुर से मुलाकात की और उन्हें विजेताओं की सूची सौंपी। श्री ठाकुर ने सभी विजेताओं को बधाई दी और कहा कि कोविड महामारी के कारण साल 2020 फिल्मों के लिए ख़ास तौर पर मुश्किल साल रहा था, फिर भी इन नामांकनों में कुछ बहुत अद्भुत फ़िल्में देखने को मिली हैं। जूरी में भारतीय सिने जगत के प्रख्यात फिल्मकार और फिल्मी हस्तियां शामिल थीं। पुरस्कारों की घोषणा गैर-फीचर जूरी के अध्यक्ष चित्रार्थ सिंह, सिनेमा पर सर्वश्रेष्ठ लेखन जूरी के अध्यक्ष अनंत विजय, और फीचर फिल्म जूरी (सदस्य- केंद्रीय पैनल) के धर्म गुलाटी द्वारा सूचना और प्रसारण मंत्रालय की अतिरिक्त सचिव श्रीमती नीरजा शेखर की उपस्थिति में की गई।...////...
© 2025 - All Rights Reserved - timespage | Hosted by SysNano Infotech | Version Yellow Loop 24.12.01 | Structured Data Test | ^