लखनऊ के लिवाना होटल में लगी आग, कुछ लोग घायल
05-Sep-2022 01:24 PM 1234671
लखनऊ, 05 सितंबर (संवाददाता) उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के हजरतगंज इलाके में स्थित होटल लिवाना में सोमवार को सुबह आग लग गई। राहत एवं बचाव कार्य के दौरान पुलिस ने दर्जन भर से अधिक लोगों को होटल से बाहर निकाल लिया। इनमें से कुछ लोगों के घायल होने पर इन्हें इलाज के लिये तत्काल अस्पताल भेजा गया है। पुलिस के अनुसार शहर के मुख्य बाजार हजरतगंज थाना क्षेत्र में महात्मा गांधी मार्ग पर स्थित होटल लिवाना में सुबह के समय लगी आग। पुलिस ने इस घटना में हताहतों की संख्या बताने से फिलहाल मना कर दिया है। एक पुलिस अधिकारी ने सिर्फ इतना ही बताया कि दर्जन भर से अधिक लोगों को होटल से बाहर निकाला गया है। इनमें कुछ लोगों को घायल होने के कारण इलाज के लिये अस्पताल भेजा गया हे। इस बीच मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस घटना पर संज्ञान लेते हुये घायलों को तत्काल इलाज के लिये अस्पताल पहुंचाने के निर्देश दिये हैं। मुख्यमंत्री कार्यालय की ओर से जारी संक्षिप्त बयान के अनुसार योगी ने जिला प्रशासन के अधिकारियों को घायलों का समुचित उपचार कराने के निर्देश देते हुए जिलाधिकारी और पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों को मौके पर तत्काल पहुंचने और राहत एवं बचाव कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए है। गौरतलब है कि इस होटल के पास तमाम बड़े व्यवसायिक प्रतिष्ठान स्थित हैं। आग लगने से पूरे इलाके में अफरा तफरी मच गयी। सूचना पर पहुंचे दमकलकर्मियों और पुलिस बल के जवानों ने आग बुझाने के तत्काल प्रयास शुरु कर दिये। पुलिस ने बिजली का शॉर्ट सर्किट होने से आग लगने की आशंका व्यक्त की है।...////...
© 2025 - All Rights Reserved - timespage | Hosted by SysNano Infotech | Version Yellow Loop 24.12.01 | Structured Data Test | ^