कटारिया ने किसानों को खाद एवं बीज की व्यवस्था करने के दिए निर्देश
14-Jun-2022 08:19 PM 1234665
जयपुर, 14 जून (AGENCY) राजस्थान के कृषि मंत्री लालचंद कटारिया ने राज्य में मानसून के मद्देनजर किसानों के लिए खाद एवं बीज की व्यवस्था कर उनका वितरण करना सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। श्री कटारिया आज यहां खरीफ वर्ष 2022 की आदान व्यवस्था एवं वर्ष 2022-23 की बजट घोषणाओं के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर विभागीय अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर रहे थे। बैठक में राज्य के सभी जिलों से कृषि अधिकारियों ने वीडियो कॉन्फ्रेन्स के माध्यम से भाग लिया। श्री कटारिया ने कहा कि मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने स्पष्ट कर दिया है कि काश्तकारों के हितार्थ चलाई जा रही योजनाओं में किसी प्रकार की कोताही या अनियमितता बर्दाश्त नही की जायेगी। उन्होंने कहा कि खरीफ की बुआई शीघ्र होने वाली है, कई जिलों में अच्छी बारिश भी हो गई है। सभी किसान मानसून आते ही एक साथ काम पर लग जायेंगे। ऎसे में उन्हें मिलने वाले बीज एवं खाद की व्यवस्था जल्द से जल्द कर ली जाये। उन्होंने कहा कि किसान कल्याणकारी योजनाओं का ज्यादा से ज्यादा प्रचार होना चाहिए और छोटे किसानों को इन योजनाओं का लाभ अवश्य मिलना चाहिए। उन्होंने किसानों को मिलने वाले निःशुल्क बीज मिनिकिट्स के तुरन्त वितरण के निर्देश देते हुए कहा कि समय पर किसानों को बीज उपलब्ध होंगे तभी उनको सही मायने में फायदा मिल सकेगा। उन्होंने खेतों की तारबंदी का लक्ष्य समय पर पूरा करने के निर्देश देते हुए कहा कि किसानों को अनुदान पर मिलने वाले कृषि उपकरणों की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने की आवश्यकता है। खेतों में लगे पाईप लाईनों की क्वालिटी बेहतर होना जरूरी है तथा इनकी नियमित जांच की भी आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि कि उर्वरकों का आपूर्ति वितरण सुचारू एवं पारदर्शी तरीके से किया जाये। उन्होंने राज्य में खुल रहे 29 राजकीय कृषि महाविद्यालयों के लिए जिला कलक्टरों एवं स्थानीय विधायकों से समन्वय कर भूमि आवंटन की कार्यवाही शीघ्र करने के भी निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि राज्य के किसान जल संरक्षण पर काफी जागरूक हो गये हैं और फार्म पौण्ड में विशेष रूचि ले रहे हैं। राज्य में खुले कस्टम हायरिंग केन्द्रों से ट्रैक्टर किराये पर लेकर किसान आधी कीमत पर अपने खेतों में जुताई कर रहे हैं।...////...
© 2025 - All Rights Reserved - timespage | Hosted by SysNano Infotech | Version Yellow Loop 24.12.01 | Structured Data Test | ^