28-Jun-2023 02:35 PM
1234672
लखनऊ 28 जून (संवाददाता) चित्रकूट में जगतगुरु राम भद्राचार्य दिव्यांग विश्वविद्यालय को अब राजकीय विश्वविद्यालय के तौर पर जाना जायेगा। कैबिनेट मंत्री अनिल राजभर ने पत्रकारों को बताया कि बुधवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में संपन्न मंत्रिमंडल की बैठक में जगतगुरु राम भद्राचार्य दिव्यांग विश्वविद्यालय को राजकीय विश्वविद्यालय के रूप मे मान्यता के प्रस्ताव को मंजूरी प्रदान कर दी गयी है। अब इस विश्वविद्यालय को जगतगुरु राम भद्राचार्य दिव्यांग राजकीय विश्वविद्यालय के रूप मे जाना जायेगा जिसके कुलाधिपति आजीवन जगतगुरु रामभद्राचार्य ही रहेंगे। उनके बाद राज्यपाल विश्वविद्यालय के कुलाधिपति होंगे। उन्होने बताया कि यहाँ के कर्मचारी राजकीय विश्वविद्यालय के अंतर्गत ही माने जाएंगे। विश्वविद्यालय में अब से 50 प्रतिशत कोटा दिव्यांग छात्रों के लिये आरक्षित होगा जबकि शेष 50 प्रतिशत मे सामान्य छात्र भर्ती हो सकेंगे। इस तरह यह विश्वविद्यालय प्रदेश का दूसरा दिव्यांग विश्वविद्यालय होगा। इससे पहले लखनऊ में शकुंतला मिश्रा विवि कार्य कर रहा है। इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री सुरेश खन्ना ने बताया कि महोबा,मैनपुरी,बागपत,कासगंज,हमीरपुर,हाथरस मे पीपीपी मॉडल पर मेडिकल कॉलेज़ के प्रस्ताव को मंजूरी प्रदान की गयी है जबकि उत्तरप्रदेश टाउनशिप योजना को मंजूरी दी गयी है। प्रयागराज राष्ट्रीय विधि विश्वविद्यालय का नाम परिवर्तित करके डॉ.राजेंद्र प्रसाद राष्ट्रीय विधि विवि करने के प्रस्ताव को भी कैबिनेट ने मंजूर कर लिया है। इसके अलावा मेरठ मे राज्य खेल विश्विद्यालय को मेजर ध्यानचंद खेल विश्वविद्यालय के नाम पर रखे जाने को मंजूरी प्रदान की गयी है। आगरा मथुरा मे पर्यटन विकास के लिये हेलीकॉपटर सेवा शुरुआत करने के प्रस्ताव को मंजूरी दी गयी है।...////...