50 प्रतिशत से अधिक नुकसान पर 30 हजार प्रति हेक्टेयर की दर से राहत राशि : शिवराज
15-Jan-2022 05:04 PM 1234801
लटेरी (विदिशा), 15 जनवरी (AGENCY) मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने आज विदिशा जिले की लटेरी तहसील में ओलावृष्टि से फसलों को हुए नुकसान का अवलोकन करने के बाद कहा कि जिनकी फसलों का 50 प्रतिशत से अधिक नुकसान हुआ है, उनको 30 हजार प्रति हेक्टेयर की दर से राहत राशि दी जायेगी। श्री चौहान ने फसलों का मुआयना करने के बाद अपने संबोधन में कहा कि उन्होंने धनिया, चना और गेहूं की फसल देखी। हर फसल का भारी नुकसान हुआ है। उन्होंने यहां से नजदीकी गुना जिले के आरौन, राघौगढ, चांचौड़ा और विदिशा जिले के सिरोंज और लटेरी के किसानों को संबोधित करते हुए कहा कि फसलों के इस नुकसान के बाद दुख की इस घड़ी में सरकार पूरी तरह किसानों के साथ है। उन्होंने किसानों से भावुक अपील करते हुए कहा कि फसलों का नुकसान हुआ है, लेकिन किसी को भी अपनी जिंदगी नहीं हारनी है। उन्होंने कहा कि नुकसान का पूरा सर्वे कर उसकी सूची पंचायत भवन में चिपकाई जाएगी। इस सूची में अगर किसी को भी आपत्ति हो तो वो बताए, दोबारा सर्वे हो जाएगा। इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने कहा कि जिन किसानों की फसलों का 50 प्रतिशत से अधिक नुकसान हुआ है, उनको 30 हजार रुपए प्रति हेक्टेयर की दर से राहत राशि दी जायेगी। फसल बीमा की 25 प्रतिशत राशि सर्वे से पहले और 75 प्रतिशत बाद में दी जायेगी। उन्होंने कहा कि किसान ने यदि कर्ज लिया होगा, तो ऋण वसूली को स्थगित कर अल्पकालीन ऋण को मध्यमकालीन में बदल दिया जायेगा और इसका ब्याज भी सरकार भरवाएगी। इस दौरान उन्होंने किसानों से कोरोना टीके की दोनों डोज लगवाने और किशोरों से भी टीका लगवाने की अपील की।...////...
© 2025 - All Rights Reserved - timespage | Hosted by SysNano Infotech | Version Yellow Loop 24.12.01 | Structured Data Test | ^