06-Jan-2022 05:02 PM
1234661
लखनऊ, 06 जनवरी (AGENCY) उत्तर प्रदेश सरकार ने भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) के 13 और भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) के सात अधिकारियों के तबादले कर दिये हैं।
इनमें पांच जिलाधिकारी और अयोध्या के मंडलायुक्त के अलावा दो जिलों के पुलिस अधीक्षक भी शामिल हैं। सूत्रों के अनुसार आजमगढ़, मऊ, बलिया, अमेठी और शाहजहांपुर के जिलाधिकारी बदले गये हैं। वहीं अयोध्या के मंडलायुक्त एम पी अग्रवाल को देवीपाटन मंडल का मंडलायुक्त बनाया गया है। उप्र राज्य सड़क परिवहन निगम के आयुक्त नवदीप रिनवा को अयोध्या का मंडलायुक्त बनाया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार अमेठी के जिलाधिकारी अरुण कुमार को मऊ का जिलाधिकारी नियुक्त किया गया है। जबकि, विशेष सचिव (खाद्य आपूर्ति ) राकेश कुमार मिश्रा अमेठी के जिलाधिकारी होंगे। आजमगढ़ के जिलाधिकारी राजेश कुमार को राज्य के मुख्य सचिव करर स्टाफ ऑफीसर बनाया गया है। जबकि मुख्य सचिव के मौजूदा स्टाफ ऑफीसर अमृत त्रिपाठी को आजमगढ़ का जिलाधिकारी बनाया गया है।
बलिया की जिलाधिकारी अदिति सिंह को अतिरिक्त आयुक्त (वाणिज्य कर) नियुक्त किया गया है। शाहजहांपुर के जिलाधिकारी इंद्र विक्रम सिंह बलिया के जिलाधिकारी होंगे जबकि निदेशक (चकबंदी एवं राजस्व परिषद) उमेश प्रताप सिंह को शाहजहांपुर का जिलाधिकारी नियुक्त किया गया है।
आईएएस प्रेरणा सिंह को हापुड़ का मुख्य विकास अधिकारी और अमित सिंह बंसल को विशेष सचिव (शहरी विकास) और स्वच्छ भारत अभियान के दूसरे चरण का मिशन निदेशक नियुक्त किया गया है। तबादले वाले आईपीएस अधिकारियों में वाराणसी क्षेत्र के पुलिस महानिरीक्षक एस के भगत शामिल हैं। उन्हें चित्रकूट धाम मंडल का पुलिस महानिरीक्षक नियुक्त किया गया है। वहीं चित्रकूट धाम मंडल के पुलिस महानिरीक्षक के. सत्यनारायण वाराणसी मंडल के पुलिस महानिरीक्षक होंगे।
पुलिस उप महानिरीक्षक (वूमन पावर लाइन 1090 लखनऊ) रवि शंकर छवि को जेल प्रशासनिक सुधार का पुलिस उप महानिरीक्षक नियुक्त किया गया है। बहराइच की पुलिस अधीक्षक सुजाता सिंह को पुलिस उप महानिरीक्षक (वूमन पावर लाइन 1090 लखनऊ) तथा कानपुर देहात के पुलिस अधीक्षक केशव कुमार चौधरी को बहराइच का पुलिस अधीक्षक नियुक्त किया गया है। आर्थिक अपराध शाखा के पुलिस अधीक्षक स्वनिल ममगई को कानपुर देहात का पुलिस अधीक्षक नियुक्त किया गया है। कानपुर के सहायक आयुक्त सोमेन्द्र मीणा आगरा देहात (पूर्व) के पुलिस अधीक्षक होंगे।...////...