सपा राज में बिजली के तार थे कपड़े सुखाने के लिए: स्वतंत्र
26-Feb-2022 05:08 PM 1234668
संतकबीरनगर 26 फरवरी (AGENCY) समाजवादी पार्टी (सपा) के मुफ्त बिजली के वादे का मजाक उड़ाते हुये भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने तंज कसा कि सपा के शासनकाल में बिजली के तारों का इस्तेमाल कपड़े सुखाने के लिये किया जाता था और चुनिंदा जिलों को छोड़कर राज्य का अधिसंख्य इलाका अंधेरे में डूबा रहता था। जूनियर हाईस्कूल खलीलाबाद के मैदान में भाजपा प्रत्याशी अंकुर राज तिवारी के पक्ष में एक चुनाव सभा को संबोधित करते हुये स्वतंत्र देव ने शनिवार को कहा कि मौजूदा चुनाव में मुफ्त बिजली का वादा करने वाली सपा के राज में बिजली नहीं आती थी। बिजली के तारों पर कपड़े सुखाये जाते थे लेकिन जब बिल आता था तब लोगों को करंट लगता था। ईद,बकरीद में 24 घण्टे बिजली आती थी मगर होली दीवाली में बिजली के दर्शन दुर्लभ होते थे। कांवड़ यात्रा पर रोक लगाई जाती थी लेकिन योगी आदित्यनाथ कांवड़ यात्रा पर हेलीकॉप्टर से फूल बरसाते हैं। उन्होने कहा कि भाजपा राष्ट्र सम्मान के लिए राजनीति करती है। भारतीय जनसंघ और जनता पार्टी से होते हुए 1984 भाजपा ने दो संसदीय सीटों पर जीत हासिल की थी। तब लोग पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी का मजाक उड़ाते थे कि यह हम दो हमारे दो की पार्टी हो गई है लेकिन अटल जी ने कहा था कि हमें देश को लोगों का विश्वास जीतना होगा। श्री वाजपेयी ने सुशासन का जो मंत्र अपने प्रधानमंत्रित्व काल में दिया, उस पर आगे बढ़ते हुए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में एक सशक्त सरकार बनाने में हम सफल हुए। इसका परिणाम यह रहा कि एक झटके में कश्मीर में लागू धारा 35 ए और 370 को हटा दिया गया और देश के एकीकरण तथा अखण्ड भारत का सरदार पटेल का सपना साकार कर दिया और सरदार पटेल को सम्मान देते हुए 187 फिट की मूर्ति स्थापित करने का काम किया गया। कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने जिस राम लला के मंदिर को बाबरी मस्जिद होने का हलफनामा दिया था, उस स्थान पर 26 साल से टेंट में रह रहे हमारे आराध्य भगवान राम का भव्य मंदिर मोदी के नेतृत्व में बन रहा है। बाबा साहब अंबेडकर को सम्मान देते हुए पीएम मोदी ने संयुक्त राष्ट्र संघ में उनकी जयंती मनाने का प्रस्ताव पारित कराया। उनके नाम पर संविधान दिवस और समरसता दिवस मनाया जा रहा है। श्री सिंह ने कहा “मोदी जी और योगी जी 15 करोड़ लोगों को मुफ्त राशन, तेल, नमक आदि दे रहे हैं। अगर सपा, बसपा का राज होता तो गरीबों का यह अन्न लूट लेते। मोदी जी ने कोरोना का टीका बनवाया जिसे विपक्षी भाजपा की वैक्सीन कह कर देश के वैज्ञानिकों और डाक्टरों को गाली देते हैं जबकि मोदी जी ने न सिर्फ देश के लोगों को टीका लगवाकर उनकी जान बचाई बल्कि सौ देशों को मुफ्त टीका दिया। ” उन्होंने कहा “ कांग्रेस और सपा को वोट देने पर पाकिस्तानी देश में आकर बम फोड़ते थे लेकिन अब पाकिस्तान की हिम्मत नहीं है क्योंकि मोदी पाकिस्तान में घुस कर जवाब देते हैं।...////...
© 2025 - All Rights Reserved - timespage | Hosted by SysNano Infotech | Version Yellow Loop 24.12.01 | Structured Data Test | ^