सपा ने आगरा में बदला एक और प्रत्याशी, बसपा ने भी दो बदले
20-Jan-2022 04:19 PM 1234685
आगरा, 20 जनवरी (AGENCY) समाजवादी पार्टी (सपा) ने आगरा दक्षिण विधानसभा सीट पर रिजवान रईसउद्दीन कुरैशी के स्थान पर व्यापारी नेता विनय अग्रवाल को प्रत्याशी बनाया है। सपा ने जिले की नौ विधानसभा सीटों में से सिर्फ एक पर ही मुस्लिम प्रत्याशी को चुनाव मैदान में उतारा था। सपा महानगर अध्यक्ष चौधरी वाजिद निसार ने दक्षिण सीट पर प्रत्याशी बदले जाने की पुष्टि की। उन्होंने कहा कि विनय अग्रवाल दक्षिणी सीट से अब प्रत्याशी होंगे। इससे पहले सपा ने बुधवार को फतेहाबाद विधानसभा सीट पर राजेश शर्मा काे हटाकर रूपाली दीक्षित को प्रत्याशी बनाया था। लखनऊ में उन्हें बी फार्म दे दिया गया। रूपाली के पिता अशोक दीक्षित इसी सीट से बसपा और निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में चुनाव लड़ चुके हैं। उधर बहुजन समाज पार्टी (बसपा) ने आगरा उत्तर सीट से मुरारी लाल गोयल को हटाकर शब्बीर अब्बास को प्रत्याशी बनाया है। शब्बीर कांग्रेस के प्रदेश महामंत्री रहे हैं और उन्होंने हाल ही में कांग्रेस से इस्तीफा दे दिया था। बसपा ने एत्मादपुर सीट पर भी सर्वेश बघेल को हटाकर भाजपा से आए प्रबल प्रताप सिंह उर्फ राकेश बघेल को प्रत्याशी बनाया है। वह जिला पंचायत अध्यक्ष रह चुके हैं। भाजपा में आने से पहले वह बसपा में ही थे। बसपा जिलाध्यक्ष धीरज बघेल ने इसकी पुष्टि की।...////...
© 2025 - All Rights Reserved - timespage | Hosted by SysNano Infotech | Version Yellow Loop 24.12.01 | Structured Data Test | ^