समुद्री उत्पाद निर्यात 2021-22 में 30 बढ़कर 7.76 अरब डालर की नयी ऊंचायी पर
29-Jun-2022 05:22 PM 1234721
नयी दिल्ली 29 जून (AGENCY) भारत ने भारी बाधाओं के बीच 2021-22 में करीब 32 प्रतिशत की वृद्धि के साथ 57,586.48 करोड़ रुपये (7.76 अरब डालर) के मूल्य का 13,69,264 टन समुद्री खाद्यों का निर्यात किया। सरकारी आंकड़ों के अनुसार वर्ष 2021-22 के दौरान समुद्री उत्पादों के निर्यात में रुपये के हिसाब से 31.71 प्रतिशत और डालर के हिसाब से 30.26 प्रतिशत और मात्रा के संदर्भ में 19.12 प्रतिशत की वृद्धि हुई। वर्ष 2020-21 में भारत ने 43,720.98 करोड़ रुपये (5.96 अरबडालर) मूल्य के 11,49,510 टन समुद्री खाद्य उत्पादों का निर्यात किया था। समुद्री उत्पाद निर्यात विकास प्राधिकरण (एमपीईडीए) के अध्यक्ष के एन राघवन ने कहा कि कोविड के कारण विभिन्न बड़े बाजारों में चुनौती के बावजूद भारत पिछले वित्त वर्ष में 13,69,264 टन समुद्री खाद्यों के निर्यात में सफल रहा जिसका मूल्य 7.76 अरब डॉलर है। इस दौरान झींगा निर्यात से 42,706.04 करोड़ रुपये (5.8 अरब डालर) की कमाई हुई। वर्ष 2021-22 में बर्फ के रूप में जमे हुए झींगा का कुल निर्यात 7,28,123 टन रहा। भारत से जमे हुए झींगे का सबसे बड़ा आयातक अमेरिका(3,42,572 टन), चीन (1,25,667 टन), यूरोपीय संघ (90,549 टन), दक्षिण पूर्व एशिया (44,683 टन), जापान (38,492 टन), और पश्चिम एशिया (37,158 टन) है। जमे हुए झींगा के निर्यात ने सभी बाजारों में मूल्य के हिसाब से वृद्धि दिखाई।...////...
© 2025 - All Rights Reserved - timespage | Hosted by SysNano Infotech | Version Yellow Loop 24.12.01 | Structured Data Test | ^