संगठन में एक व्यक्ति नहीं, अपितु संगठन मिलकर करता है काम- जोशी
18-Apr-2023 10:29 PM 1234671
बीकानेर 18 अप्रैल (संवाददाता) राजस्थान में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की बीकानेर संभाग की संगठनात्मक संभाग स्तरीय बैठक बीकानेर में होटल पार्क पैराडाइज में आयोजित की गई। इस बैठक में मुख्य वक्ता के रूप में भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष सी पी जोशी, महामंत्री संगठन चन्द्रशेखर, केन्द्रीय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल, प्रदेश उपाध्यक्ष व संभाग प्रभारी माधोराम चौधरी रहे। बैठक में अब तक संगठन द्वारा किये गये कार्यो के बारे में चर्चा की गई। इसके पश्चात् पन्ना प्रमुख नियुक्त करने एवं शक्ति केन्द्र को संगठन का मुल आधार मानते हुए कार्यक्रम बनाने के निर्देश दिये गये। बैठक में श्री जोशी ने अपने संबोधन में कहा कि संगठन सर्वाेपरि है। संगठन में एक व्यक्ति नहीं, अपितु संगठन मिलकर काम करता है। परिश्रम और योजनाबद्ध तरीके से काम करने का वक्त है। भाजपा के पास नीति भी है और नियति भी है। भाजपा की सर्व समाज के साथ समरसता बढ़ती जा रही है, समाज भी महत्व दे रहा है। आज भाजपा व्यापक हैं, विशाल हैं, हमारी पार्टी का समर्थन बढ़ा है और समर्पण भी बढ़ा है। भारतीय जनता पार्टी एक राष्ट्रवादी चेहरा बनी है। भाजपा के पास सर्वाधिक नीतियां, राष्ट्रीय सुरक्षा, गरीब कल्याण, लोकतंत्र और राजनीतिक मूल्यों की स्थापना जैसे महत्वपूर्ण तत्व है। उन्होंने कहा कि आगामी एक माह का रूट चार्ट बनाकर उसे प्रभावी रूप से लागू करें। श्री चन्द्रशेखर ने कार्यकर्ताओं को सम्बोधित करते हुए कहा कि नरेंद्र मोदी सरकार ने वर्षों से भाजपा कार्यकर्ताओं द्वारा लगाए जा रहे नारों को साकार करने का महत्वपूर्ण कार्य किया है। आज भाजपा रूपी पौधा वटवृक्ष बनकर विश्व की सबसे बड़ी पार्टी बन गया है, विश्व की सबसे बड़ी पार्टी बनने के साथ-साथ चुनौतियां और जिम्मेदारी भी बढ़ी है। सकारात्मक सोच के साथ पार्टी के काम को निरंतर आगे बढ़ाना है। प्रधानमंत्री मोदी ने कई बार मन की बात में राजस्थान के गौरव पर चर्चा कर राजस्थान का मान बढ़ाया है । कांग्रेस सरकार अपराधियों के प्रति गंभीर नहीं है। उन्होंने कहा कि भाजपा परिवार और क्षेत्र से ऊपर उठकर सर्वव्यापी बनी है। भाजपा का मिशन विजय की राह पर चल पड़ा है। आगामी दिवसों में आने वाले कार्यक्रमों में अधिक से अधिक संख्या में भाग लेते हुए सभी कार्यक्रमों में सहभागिता निभाने की अपील की। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मन की बात के 100वें लाइव प्रसारण को राजस्थान की एक करोड़ जनता तक पहुंचाने की योजना बनानी है। जनविश्वास बढ़ाना व सर्वस्पर्शी बन बनना है और स्ट्रक्चर और संस्कृति को बनाए रखना है। नेता प्रतिपक्ष राजेंद्र सिंह राठौड़ ने कार्यकर्ताओं को सम्बोधित करते हुए कहा कि कार्यकर्ताओं की मेहनत से ही भाजपा विश्व की सबसे बड़ी पाटी बनी है। आजादी के बाद पूर्ण बहुमत वाली पार्टी भाजपा की बनी है। पहले भाजपा को शहर वाली पार्टी बोला जाता था। भाजपा केवल चुनाव जीतने वाली पार्टी नहीं है बल्कि सेवा कार्य करना भाजपा का उद्धेश्य है।...////...
© 2025 - All Rights Reserved - timespage | Hosted by SysNano Infotech | Version Yellow Loop 24.12.01 | Structured Data Test | ^