रूस सुरक्षा परिषद पर कनाडा ने लगाए प्रतिबंध
02-Mar-2022 08:42 AM 1234675
टोरंटो, 02 मार्च (वार्ता/स्पूतनिक) यूक्रेन में रूस के सैन्य अभियान के जवाब में कनाडा ने रूस सुरक्षा परिषद के सभी 18 सदस्यों के खिलाफ प्रतिबंध लगा दिए। ग्लोबल अफ़ेयर्स कनाडा ने इसकी जानकारी दी। मंगलवार को जारी एक बयान में कहा गया,"यूक्रेन में रूस के अकारण और अनुचित आक्रमण के जवाब में कनाडा नए प्रतिबंध लागू कर रहा है। नए संशोधन इन घटनाओं के लिए जिम्मेदार रूसी संघ की सुरक्षा परिषद के सदस्यों पर प्रतिबंध लगाते हैं।" कनाडा ने पिछले हफ्ते रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन, विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव और कुछ अन्य वरिष्ठ अधिकारियों के खिलाफ व्यक्तिगत प्रतिबंधों की घोषणा की थी। नया फरमान सुरक्षा परिषद की संपूर्णता को प्रभावित करता है, जिसमें प्रधानमंत्री मिखाइल मिशुस्टिन, रक्षा मंत्री सर्गेई शोइगु और मॉस्को के मेयर सर्गेई सोबयानिन शामिल हैं। . इसके अलावा ओटावा रूसी सेंट्रल बैंक, नेशनल वेल्थ फंड और वित्त मंत्रालय के खिलाफ प्रतिबंधों के दायरे का विस्तार कर रहा है। ग्लोबल अफेयर्स के अनुसार यह प्रतिबंध तुरंत प्रभाव से लागू होंगे। पिछले गुरुवार रूस ने यूक्रेन में एक सैन्य अभियान शुरू किया। रूस के रक्षा मंत्रालय ने कहा कि इस कार्रवाई में सिर्फ यूक्रेनी सैन्य बुनियादी ढांचे को निशाना बनाया जा रहा है और नागरिक आबादी को कोई खतरा नहीं है।...////...
© 2025 - All Rights Reserved - timespage | Hosted by SysNano Infotech | Version Yellow Loop 24.12.01 | Structured Data Test | ^