रामलला के दर्शन करने आ सकते हैं योगी, तैयारियां जोर शोर से
25-Mar-2022 07:27 PM 1234658
अयोध्या, 25 मार्च (AGENCY) उत्तर प्रदेश में मुख्यमंत्री के तौर पर अपना दूसरा कार्यकाल शुरू करने से पहले आदित्यनाथ योगी अयोध्या में श्री रामजन्मभूमि पर विराजमान रामलला का दर्शन करने आ सकते हैं। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की पूर्ण बहुमत की सरकार बनने के बाद आज मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के शपथ ग्रहण सम्पन्न हो जाने के बाद यहां के संत-धर्माचार्य कयास लगा रहे हैं कि मुख्यमंत्री कभी भी अयोध्या में आकर श्रीरामजन्मभूमि पर विराजमान रामलला का दर्शन कर सकते हैं। योगी का प्रभु श्रीराम व अयोध्या से कितना लगाव है यह किसी से छिपा नहीं है। अपने पहले कार्यकाल में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अयोध्या का 40 से अधिक बार दौरा कर चुके हैं। विधानसभा चुनाव के समय भी वह अयोध्या आये थे और रामलला का दर्शन करने के उपरान्त विश्व हिन्दू परिषद मुख्यालय कारसेवकपुरम् में संत धर्माचार्यों के साथ बैठक कर भारतीय जनता पार्टी को बहुमत दिलाने में मदद की अपील भी की थी। यही कारण है कि ऐतिहासिक विजय मिलने और नयी सरकार की गठन के साथ दूसरी पारी शुरू करने से पहले उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पहले रामलला का दर्शन करने के लिये आ सकते हैं। माना जा रहा है कि शपथ ग्रहण के ठीक बाद मुख्यमंत्री अयोध्या आ सकते हैं क्योंकि श्री रामजन्मभूमि परिसर में जोर-शोर से तैयारियां हो रही है। वहीं दूसरी तरफ नगर निगम ने भी पूरे रामकोट क्षेत्र में सफाई अभियान शुरू कर दिया है। अयोध्या के संत धर्माचार्यों का मानना है कि नवनिर्वाचित मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ श्रीरामजन्मभूमि पर विराजमान रामलला का दर्शन और आरती करने जरूर आयेंगे। मुख्यमंत्री ने अपने पिछले मुख्यमंत्री काल में अयोध्या का महत्व सबसे ज्यादा दिया है और विकास भी जोरों पर हो रहा है।...////...
© 2025 - All Rights Reserved - timespage | Hosted by SysNano Infotech | Version Yellow Loop 24.12.01 | Structured Data Test | ^