राज्यों को कर हस्तांतरण की अग्रिम किस्त के रूप में 47,541 करोड़ जारी करने को स्वीकृति
20-Jan-2022 06:27 PM 1234729
नयी दिल्ली 20 जनवरी (AGENCY) केन्द्रीय वित्त एवं कॉरपोरेट कार्य मंत्री निर्मला सीतारमण ने आज राज्य सरकारों को कर हस्तांतरण की अग्रिम किस्त के रूप में 47,541 करोड़ रुपये की राशि जारी करने को स्वीकृति दे दी है। यह राशि जनवरी 2022 के लिए होने वाले नियमित कर हस्तांतरण के अतिरिक्त है। जनवरी 2022 के लिए नियमित कर हस्तांतरण की राशि भी आज ही जारी की जा रही है। इस प्रकार, जनवरी 2022 के दौरान राज्यों को कुल 95,082 करोड़ रुपये या उनकी संबंधित पात्रता से दोगुनी राशि मिलेगी। सरकार ने 22 नवंबर 2021 को राज्यों को कर हस्तांतरण की पहली अग्रिम किस्त के रूप में 47,541 करोड़ रुपये की राशि जारी की थी। दूसरी अग्रिम किस्त के आज जारी होने के साथ, राज्यों को कर हस्तांतरण के तहत 90,082 करोड़ रुपये की अतिरिक्त राशि प्राप्त होगी जोकि जनवरी, 2022 तक जारी किए जाने वाले बजटीय प्रावधान से अधिक है। वित्त वर्ष 2021-22 के दौरान जीएसटी मुआवजे में कमी के एवज में राज्य सरकारों को भारत सरकार की ओर से एक के बाद एक कुल 1.59 लाख करोड़ रुपये की ऋण राशि को जारी करने का काम अक्टूबर 2021 के अंत तक पूरा कर लिया गया। यह कदम कोविड-19 महामारी के हानिकारक प्रभावों को कम करने के उद्देश्य से राज्यों द्वारा अपने पूंजीगत और विकासात्मक व्यय में तेजी लाने के क्रम में उनके हाथों को मजबूत करने के प्रति भारत सरकार की वचनबद्धता के अनुरूप है।...////...
© 2025 - All Rights Reserved - timespage | Hosted by SysNano Infotech | Version Yellow Loop 24.12.01 | Structured Data Test | ^