राजस्थान की उन्नति में युवाओं का उत्साह निभा रहा है महत्वपूर्ण भूमिका-गहलोत
19-Aug-2022 07:44 PM 1234667
जयपुर, 19 अगस्त (AGENCY) राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने प्रदेश की उन्नति में युवाओं के उत्साह की महत्वपूर्ण भूमिका बताते हुए कहा है कि युवा किसी भी क्षेत्र में बदलाव ला सकते है और राज्य सरकार भी युवाओं के उज्ज्वल भविष्य एवं प्रोत्साहन में अह्म निर्णय ले रही है और इसी दिशा में अगला बजट युवाओं और विद्यार्थियों को समर्पित होगा। श्री गहलोत आज यहां बिड़ला सभागार में आयोजित राजस्थान डिजिफेस्ट समारोह को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि युवा हितों में बेहतर निर्णयों के लिए प्रदेशवासियों के सुझाव आमंत्रित है। हमारा विजन ‘टेक्नोलॉजी फॉर ऑल‘ का है और इसके लिए राज्य सरकार हरसंभव प्रयास कर रही है। उन्होंने युवाओं से कहा कि श्री राजीव गांधी सिर्फ 40 वर्ष की आयु में देश के प्रधानमंत्री बन गए थे। उनके द्वारा ही देश के उज्ज्वल भविष्य के लिए पहली बार कम्प्यूटर क्रांति लाई गई थी। आज उसी का असर यहां युवाओं के उत्साह, कार्य के प्रति समर्पित भाव और नवाचारों में देखने को मिल रहा है। फेस्ट में श्री गहलोत ने सूचना तकनीक पर आधारित प्रदर्शनी का अवलोकन करते हुए युवाओं के नवाचारों की सराहना करते हुए उत्साहवर्धन किया। यह दो दिवसीय फेस्टिवल सूचना प्रौद्योगिकी एवं संचार विभाग की ओर से आयोजित किया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार द्वारा अभी तक 1.30 लाख सरकारी नौकरियां दी जा चुकी है। लगभग एक लाख पदों पर भर्ती प्रक्रियाधीन हैं और एक लाख नौकरियों की घोषणा बजट 2022-23 में की गई है। ऐसे में राजस्थान देश में सरकारी नौकरियां देने में अग्रणी राज्य बन रहा है। उन्होंने कहा कि दिल्ली स्थित उदयपुर हाउस में राजस्थान के 500 युवाओं के लिए नेहरू यूथ ट्रांजिट हॉस्टल एंड फैसिलिटेशन सेंटर बनाया जा रहा है। यहां राजस्थान के युवा ठहरकर अपने भविष्य को संवार सकेंगे। श्री गहलोत ने कहा कि राज्य सरकार शिक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है। जब वह पहली बार मुख्यमंत्री बने, उस समय राजस्थान में सिर्फ छह विश्वविद्यालय थे जो आज 89 हो गए है। आज राजस्थान में आईआईटी, ट्रिपल आईटी, एम्स जैसे प्रतिष्ठित संस्थान संचालित है। प्रदेश के 33 जिलों में से 30 में मेडिकल कॉलेज खुल रहे हैं। इससे युवाओं को अब मेडिकल पढ़ाई के लिए बाहर नहीं जाना पड़ेगा। उन्होंने कहा कि सरकार ने बड़ा निर्णय लेते हुए प्रदेश में राजकीय अंग्रेजी माध्यम विद्यालय खोले है, जिनमें प्रवेश को लेकर उत्साह ऐसा है कि लॉटरी निकालनी पड़ रही है। इस निर्णय का 10 साल बाद बड़ा असर देखने को मिलेगा। गांव-ढाणी के विद्यार्थी विश्व में अपना स्थान बनाएंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि जल्द ही प्रदेश की 1.33 करोड़ महिलाओं को निःशुल्क स्मार्टफोन दिए जाएंगे। इसमें तीन साल तक इंटरनेट सेवा भी मिलेगी। इससे महिलाएं और उनके परिवारजन बातचीत करने के साथ ही जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी लेकर लाभ उठा सकेंगे। साथ ही उनके बच्चे मोबाइल के जरिए ऑनलाइन पढ़ाई भी कर सकेंगे। श्री गहलोत ने कहा कि प्रदेश में निरोगी राजस्थान की संकल्पना साकार हो रही है। मुख्यमंत्री चिरंजीवी स्वास्थ्य बीमा योजना में 10 लाख रूपये तक की निःशुल्क चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है। आईपीडी, ओपीडी, जांचें भी निःशुल्क की गई है। ट्रांसप्लांट का पूरा खर्च भी सरकार द्वारा ही वहन किया जा रहा है। मुख्यमंत्री दुर्घटना बीमा योजना में पांच लाख रूपये का बीमा भी किया गया है। प्रदेशवासियों को यह सुविधाएं देने में राजस्थान पूरे देश में अग्रणी राज्य बन गया है।...////...
© 2025 - All Rights Reserved - timespage | Hosted by SysNano Infotech | Version Yellow Loop 24.12.01 | Structured Data Test | ^