फ्रांस ने सूडान से नागरिकों, राजनयिक कर्मचारियों को निकालना शुरू किया
23-Apr-2023 07:15 PM 1234685
पेरिस 23 अप्रैल (संवाददाता) फ्रांस ने सूडान से अपने नागरिकों और राजनयिक कर्मियों को निकालना शुरू कर दिया है, क्योंकि सूडानी सशस्त्र बलों और रैपिड सपोर्ट फोर्सेज (आरएसएफ) अर्धसैनिक समूह के बीच लड़ाई दूसरे सप्ताह में भी जारी है। फ्रांस के विदेश मंत्रालय ने रविवार को यह जानकारी दी। मंत्रालय ने कहा,“यूरोप और विदेश मंत्रालय और सशस्त्र बल मंत्रालय सूडान में हमारे राजनयिक कर्मियों तथा नागरिकों को जल्द से जल्द निकालने के अभियान का समन्वय कर रहे हैं।” ऑपरेशन में फ्रांस के ‘यूरोपीय और संबद्ध भागीदारों’ के नागरिकों के साथ-साथ यूरोपीय राजनयिक कर्मी भी शामिल हैं। गौरतलब है कि इससे पहले रविवार को अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडेन ने पुष्टि की थी कि उन्होंने अमेरिकी सैन्य बलों को सूडान की राजधानी खार्तूम के अमेरिकी दूतावास से अमेरिकी सरकारी कर्मियों को निकालने का आदेश दिया था। अभीतक 100 से कम लोगों को अमेरिकी दूतावास से निकाला गया है। सऊदी अरब ने शनिवार को कहा कि उसने सूडान से अपने नागरिकों और ‘भाईचारे व मित्रवत’ देशों के नागरिकों को निकालने की व्यवस्था शुरू कर दी है, जबकि स्वीडन ने पूर्वोत्तर अफ्रीकी देश में स्वीडिश नागरिकों और राजनयिक कोर को निकालने के लिए एक सैन्य बल भेजने की योजना को हरी झंडी दिखाई। खार्तूम में तुर्की देश के दूतावास ने कहा कि तुर्की रविवार को अपने नागरिकों को निकालने के लिए तैयार है। गौरतलब है कि सूडान के नियमित सशस्त्र बलों और आरएसएफ के बीच खार्तूम में उपरिकेंद्र के साथ 15 अप्रैल को हिंसक झड़पें हुईं। सरकारी बलों नेआरएसएफ पर विद्रोह का आरोप लगाया और उनके ठिकानों के खिलाफ हवाई हमले शुरू किए। सूडानी सेना के प्रमुख अब्देल फत्ताह बुरहान ने आरएसएफ को भंग करने का फरमान जारी किया। पक्षों ने ईद अल-फितर के अवकाश के संबंध में शुक्रवार से शुरू होने वाले तीन दिवसीय युद्धविराम पर सहमति व्यक्त की। सूडानी स्वास्थ्य मंत्रालय ने गुरुवार को कहा कि सशस्त्र संघर्ष में मरने वालों की संख्या 600 से अधिक हो गई। इस बीच, विश्व स्वास्थ्य संगठन ने शुक्रवार को बताया कि 413 लोग मारे गए और 3,551 अन्य घायल हुए। वहीँ सूडानी डॉक्टर्स यूनियन का कहना है कि बीते शनिवार तक सशस्त्र संघर्ष में 256 नागरिक मारे गए और 1,454 अन्य घायल हुए हैं।...////...
© 2025 - All Rights Reserved - timespage | Hosted by SysNano Infotech | Version Yellow Loop 24.12.01 | Structured Data Test | ^