पश्चिमी देशों से पाबंदियों को पटाने के लिए नहीं कहेगा रूस
14-Mar-2022 09:01 AM 1234684
मास्को, 14 मार्च (वार्ता/स्पूतनिक) रूस ने कहा है कि वह अमेरिका और यूरोपीय देशों से रूस के खिलाफ लगायी गयी पाबंदियों को हटाने के लिए नहीं कहेगा और पश्चिमी देशों के प्रतिबंध हमारे निर्णय को नहीं बदल सकते हैं। रूस के उप विदेश मंत्री सर्गेई वर्शिनिन ने इज़वेस्टिया अखबार को दिए साक्षात्कार में कहा, "प्रतिबंध हमारा निर्णय नहीं है। वे अमेरिका और उसके इशारे पर चलने वाले देशों के द्वारा लगाए जा रहे हैं। ये लोग रूस पर दबाव डालना चाहते हैं, हमारी अर्थव्यवस्था और रूस के आम नागरिकों को बहुत कठिन स्थिति में डालते हैं। वे ऐसा रूस के संप्रभु राजनीतिक निर्णयों के लिए सजा देने हेतु कर रहे हैं।" उन्होंने जोर देकर कहा कि एक दबाव उपकरण होने के नाते रूस पर लगाए गए पश्चिमी देशों के प्रतिबंध वैध नहीं हैं और इसका कोई नतीजा नहीं निकलेगा। उन्होंने कहा, "हम इन प्रतिबंधों को हटाने के लिए नहीं कहेंगे। हम बस अपनी खुद की अर्थव्यवस्था और स्वतंत्र रूप से विकास करने की हमारी क्षमता को विकसित करेंगे, जो हमारे दोस्तों और समान विचारधारा वाले लोगों पर निर्भर है।" उल्लेखनीय है कि यूक्रेन में रूस के विशेष सैन्य अभियान के जवाब में पश्चिमी देशों ने रूस के खिलाफ एक व्यापक प्रतिबंध अभियान शुरू किया है। इस प्रतिबंधों में कई रूसी अधिकारियों, संस्थाओं, मीडिया, वित्तीय संस्थानों और हवाई क्षेत्र को बंद करने जैसे प्रतिबंधात्मक उपाय शामिल हैं।...////...
© 2025 - All Rights Reserved - timespage | Hosted by SysNano Infotech | Version Yellow Loop 24.12.01 | Structured Data Test | ^