पाकिस्तान में भूकंप से दो लोगों की मौत
22-Mar-2023 09:16 AM 1234677
इस्लामाबाद 21 मार्च (संवाददाता) पाकिस्तान में मंगलवार रात आए भूकंप से दो लोगों की मौत हो गयी। उत्तर पश्चिमी प्रांत में रेस्क्यू 1122 सेवा के प्रवक्ता बिलाल फैजी ने बताया कि खैबर पख्तूनख्वा प्रांत में आए भूकंप से स्वात में एक दस वर्षीय लड़की और लोअर डीर में एक 24 वर्षीय व्यक्ति की उनके घरों की दीवारें गिरने से मौत हो गयी। उन्होंने बताया कि भूकंप के झटकों के कारण 20 से अधिक इमारतों को नुकसान पहुंचा है और बड़ी संख्या में लोग घायल हुए है। खैबर पख्तूनख्वा आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के एक प्रवक्ता ने कहा कि प्रांत के दूरदराज के इलाकों में कई मिट्टी के घर ढह गए हैं। उन्होंने कहा कि हम अभी भी नुकसान के बारे में आंकड़े एकत्र कर रहे हैं। भूकंप की तीव्रता 6.8 मापी गयी है। भूकंप का केन्द्र अफगानिस्तान के हिन्दूकुश क्षेत्र था। पाकिस्तान मौसम विभाग ने यह जानकारी दी। अमेरिकी भूगर्भीय सर्वेक्षण ने कहा कि भूकंप का केंद्र अफगान शहर जुर्म से 40 किलोमीटर दक्षिण-दक्षिण पूर्व में हिन्दुकुश पर्वतमाला पर था। अफगानिस्तान, कजाखस्तान, तुर्कमेनिस्तान, तजाकिस्तान, उज्बेकिस्तान, चीन, किर्गिस्तान और भारत में भी भूकंप के तेज झटके महसूस किये हैं। पाकिस्तान में भूकंप के झटके 30 सेंकंड तक महसूस किए गए। भूकंप के झटके पाकिस्तान के अधिकांश क्षेत्रों में महसूस किए गए। भूकंप के झटके इतने तेज थे कि लोग अपने घरों से बाहर निकल आए और कई इलाकों में लोगों ने खुले में कुरान पढ़ी। इसी तरह की रिपोर्ट पाकिस्तान के अन्य शहरों से आ रही है। समाचार पत्र डॉन की रिपोर्ट के अनुसार भूकंप के झटके लाहौर, इस्लामाबाद, पेशावर, झेलम, शेखूपुरा, नौशेरा, मुल्तान, स्वात, शांगला और अन्य हिस्सों में महसूस किए गए। भूकंप के झटके महसूस होने के बाद टीवी फुटेज में नागरिकों को अपने घरों और इमारतों से बाहर सड़कों पर दिखाया गया। रेस्क्यू 1122 के महानिदेशक डॉ खतीर अहमद ने कहा कि विभाग को स्वात और लोअर डीर से किसी घटना की रिपोर्ट मिलने पर बचाव दल भेजा गया था। रेस्क्यू 1122 हाई अलर्ट पर है और किसी भी आपात स्थिति में सेवाएं देने के लिए तत्पर है।...////...
© 2025 - All Rights Reserved - timespage | Hosted by SysNano Infotech | Version Yellow Loop 24.12.01 | Structured Data Test | ^