ऑस्ट्रेलिया को हराकर अंक तालिका के शीर्ष पर रहा भारत
31-Jul-2022 04:56 PM 1234687
बर्मिंघम, 31 जुलाई (AGENCY) भारतीय मिश्रित बैडमिंटन टीम ने राष्ट्रमंडल खेल 2022 में अपने विजय रथ को आगे बढ़ाते हुए शनिवार (भारत में रविवार) को ग्रुप-ए मैच में ऑस्ट्रेलिया को मात दी। गोल्डकोस्ट 2018 राष्ट्रमंडल खेल की चैंपियन भारत ने ग्रुप स्टेज के अपने आखिरी मैच में ऑस्ट्रेलिया को 4-1 से मात देकर ग्रुप-ए में शीर्ष स्थान प्राप्त किया। अब भारत का सामना रविवार रात के क्वार्टरफाइनल में दक्षिण अफ्रीका से होगा। विश्व चैंपियनशिप के रजत पदक विजेता किदांबी श्रीकांत ने भारत को विजयी शुरुआत दिलाते हुए ऑस्ट्रेलिया के लिन शियांग यिंग को 21-14, 21-13 से मात दी। इसके बाद दो बार की ओलंपिक पदक विजेता पीवी सिंधु ने चेन वेंडी हुआन-यू को 21-10, 21-12 से मात देकर भारत को 2-0 की बढ़त दिलायी। पुरुष युगल मुकाबले में सुमीत और चिराग की 21-16, 21-19 जीत के साथ भारत ने 3-0 की अजेय बढ़त ले ली, हालांकि चौथे मैच में ऑस्ट्रेलिया ने वापसी की। हुआन-यू और ग्रोन्या सोमरविल की महिला युगल जोड़ी ने त्रिशा जॉली और गायत्री गोपीचंद को 21-13, 21-19 से हराया। सुमीथ रेड्डी और अश्विनी पोनप्पा की मिश्रित युगल जोड़ी ने चौथे मैच की हार से अप्रभावित शियांग यिंग और सोमरविल को 21-14, 21-11 से हराकर भारत की 4-1 से जीत सुनिश्चित की। पाकिस्तान (5-0) और श्रीलंका (5-0) को हरा चुकी भारतीय टीम ने ऑस्ट्रेलिया पर जीत के साथ ग्रुप ए में पहला स्थान हासिल किया, जबकि श्रीलंका दूसरे स्थान पर रही।...////...
© 2025 - All Rights Reserved - timespage | Hosted by SysNano Infotech | Version Yellow Loop 24.12.01 | Structured Data Test | ^