न्यूजीलैंड ने अंडर-19 विश्व कप से वापस लिया नाम
18-Nov-2021 04:35 PM 1234689
वेलिंगटन, 18 नवंबर (AGENCY) न्यूजीलैंड अगले साल वेस्ट इंडीज में होने वाले आईसीसी अंडर-19 पुरुष विश्व कप में भाग नहीं लेगा। दरअसल न्यूजीलैंड क्रिकेट ने खिलाड़ियों के लिए अनिवार्य क्वारंटीन प्रतिबंधों के कारण 16 टीमों वाले इस टूर्नामेंट से नाम वापस ले लिया है। न्यूजीलैंड की जगह अब ग्रुप डी में स्कॉटलैंड को रिप्लेस (प्रतिस्थापित) किया गया है, जिसमें मेजबान वेस्ट इंडीज, ऑस्ट्रेलिया और श्रीलंका भी शामिल हैं। अपने 14 संस्करणों के इतिहास में पहली बार यह टूर्नामेंट कैरेबियन में खेला जाएगा, जिसकी शुरुआत 14 जनवरी को मेजबान वेस्ट इंडीज और ऑस्ट्रेलिया के बीच मैच के साथ हाेगी, जबकि फाइनल पांच फरवरी 2022 को खेला जाएगा। इसके अलावा इंग्लैंड, कनाडा और यूएई के साथ गत चैंपियन बंगलादेश ग्रुप ए में शामिल है। चार बार के चैंपियन भारत को दक्षिण अफ्रीका, आयरलैंड और युगांडा के साथ ग्रुप बी में रखा गया है, जबकि अफगानिस्तान, पाकिस्तान, पापुआ न्यू गिनी और जिम्बाब्वे ग्रुप सी में हैं।...////...
© 2025 - All Rights Reserved - timespage | Hosted by SysNano Infotech | Version Yellow Loop 24.12.01 | Structured Data Test | ^