मूल्यों, सिद्धांतों पर सदैव अडिग रही है भारतीय जनता पार्टी : शिवराज
06-Apr-2022 05:15 PM 1234813
भोपाल, 06 अप्रैल (AGENCY) मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने आज भारतीय जनता पार्टी के स्थापना दिवस पर कहा कि देश के वे समस्त विषय जो देश की अखंडता, संस्कृति, परंपराओं और सामाजिक सरोकार से जुड़े थे उन्हें भाजपा का आधार बनाया गया और पार्टी अपने सिद्धांतों पर हमेशा अडिग रही। श्री चौहान ने अपने ब्लॉग में लिखा, अटल जी कहा करते थे – अंधेरा छटेगा, सूरज निकलेगा और कमल खिलेगा ! ये वाक्य हम जैसे कार्यकर्ताओं के लिए प्रेरणा स्त्रोत रहा है। देश के वे समस्त विषय जो देश की अखंडता, संस्कृति, परंपराओं और सामाजिक सरोकार से जुड़े थे उन्हें भाजपा का आधार बनाया गया। भाजपा की नींव तैयार करने में हमें आशीर्वाद मिला श्यामा प्रसाद मुखर्जी और पंडित दीन दयाल उपाध्याय जैसे ओजस्वी विचारकों का, विचारों को धरातल पर उतारने का काम किया देश की तत्कालीन सबसे मजबूत जोड़ी अटल-आडवाणी ने और आज जो भाजपा की भव्य इमारत खड़ी है उसे साकार किया है श्री नरेंद्र मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व ने, श्री अमित शाह के मजबूत इरादों ने और हमारे राष्ट्रीय अध्यक्ष जे पी नड्डा के कठोर परिश्रम ने। उन्होंने आगे कहा कि भाजपा आज जनकल्याण का पर्याय बन चुकी है। भाजपा से लोग जुड़ रहे हैं, लेकिन यह एक दिन की बात नहीं है। यह 42 वर्षों के संघर्ष, कार्यकर्ताओं के कठोर परिश्रम, राष्ट्रवाद के मजबूत संकल्प और जन सेवा के प्रति समर्पण के बल पर संभव हो सका है। मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा की यात्रा में अनेक पड़ाव आए, कभी सदन में दो सदस्य तक रह गए, तब भी राष्ट्रवाद और जनकल्याण को संसद के पटल पर रेखांकित करने से पार्टी कार्यकर्ता नहीं डिगे। जब श्री मोदी के नेतृत्व में देश की सबसे बड़ी पार्टी बन कर सदन में पहुंचे तो धारा 370 और तीन तलाक जैसे कानूनों को हटा कर और भव्य राम मंदिर निर्माण के अपने संकल्पों की पूर्ति की। श्री चौहान ने कहा कि भाजपा लोकतांत्रिक मूल्यों में विश्वास करती है, यहां फैसले सर्व-सम्मति से होते हैं। पार्टी भारतीय संस्कृति की पारंपरिक मान्यताओं में पूर्ण विश्वास रखती है और यही सिद्धांत भारतीय जनता पार्टी की लोकप्रियता और सफलता के प्रमुख कारण है। भारतीय जनता पार्टी देश की एकमात्र ऐसी पार्टी है जिसमें एक सामान्य सा कार्यकर्ता देश के सर्वोच्च पद पर पहुंच सकता है। उन्होंने कहा कि पार्टी यहीं रुक जाने वाली नहीं है। हम चरैवेति चरैवेति में विश्वास करते हैं। जनहित के नए लक्ष्य तय कर फिर आगे बढ़ जाते है। उन्होंने सभी को पार्टी के स्थापना दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि सब मिलकर संकल्प लें कि राष्ट्र ही प्रथम है की संकल्पना के साथ कार्य करें, तभी देश और मध्यप्रदेश आत्मनिर्भर बनेगा।...////...
© 2025 - All Rights Reserved - timespage | Hosted by SysNano Infotech | Version Yellow Loop 24.12.01 | Structured Data Test | ^