लोकसभा चुनाव में देश में सबसे अच्छा प्रदर्शन करेगी कांग्रेस: राय
23-Nov-2023 08:31 PM 1234702
अयोध्या, 23 नवम्बर (संवाददाता) उत्तर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय ने गुरुवार को कहा कि आगामी लोकसभा चुनाव में कांग्रेस पूरे देश में अच्छा प्रदर्शन करने जा रही है। पूर्व सांसद एवं पूर्व प्रदेश अध्यक्ष डॉ. निर्मल खत्री के विवाह की 50 वर्षगांठ के उपलक्ष्य में आयोजित कार्यक्रम में शिरकत करने आये श्री राय ने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि देश की जनता भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) से अब ऊब चुकी है। आने वाले लोकसभा चुनाव में कांग्रेस पूरे देश में अच्छा प्रदर्शन करने जा रही है। उन्होंने कहा कि समाज का प्रत्येक वर्ग भाजपा की तानाशाही नीतियों से परेशान है और वह कांग्रेस की तरफ आशा भरी निगाह से देख रहा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ही इस देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था के अन्तर्गत सभी जाति और धर्म को लेकर चलने वाली पार्टी है। सत्तारूढ भाजपा ने इस देश में दो भारत पैदा करने का प्रयास किया है। भाजपा के लोग इस देश में नफरत की खेती कर रहे हैं और झूठ के सहारे शासन चलाने का प्रयास हो रहा है। कांग्रेसी नेता ने कहा कि तीन राज्यों के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस की पूर्ण बहुमत से सरकार बनाने जा रही है। इन तीनों राज्यों के विधानसभा चुनाव परिणाम के बाद भाजपा सरकार की उल्टी गिनती प्रारम्भ हो जायेगी। देश अब बदलाव चाहता है। किसी भी कीमत पर भाजपा सरकार को अब जाना पड़ेगा। क्योंकि पूरे देश में सभी पार्टियां और देश की जनता यह चाहती हैं कि भारतीय जनता पार्टी को हटाया जाय। उन्होंने कहा कि जनता महंगाई से त्रस्त है, त्राहि-त्राहि कर रही है। बेरोजगारी चरम सीमा पर है। पेट्रोल और डीजल का दाम आसमान पर है। भाजपा किसी प्रदेश में साढ़े चार सौ रुपये प्रति सिलेंडर वहां की जनता को दे सकती है, तो पूरे देश में क्यों नहीं। यह भाजपा की मानसिकता है। इस बार भाजपा की सरकार जाना तय है। इसके पूर्व कांग्रेस पार्टी के जिलाध्यक्ष अखिलेश यादव, पूर्व जिलाध्यक्ष राजेन्द्र प्रताप सिंह, सुनील कृष्ण गौतम, सुरेन्द्र प्रताप सिंह सैनिक तथा महानगर अध्यक्ष वेद सिंह कमल ने प्रदेश अध्यक्ष अजय राय का जोरदार स्वागत किया। इस अवसर पर प्रमुख रूप से एआईसीसी सदस्य अशोक सिंह, कांग्रेस नेत्री एवं अयोध्या महापौर का चुनाव लड़ चुकी प्रमिला राजपूत सहित तमाम कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित थे।...////...
© 2025 - All Rights Reserved - timespage | Hosted by SysNano Infotech | Version Yellow Loop 24.12.01 | Structured Data Test | ^