झूठ बोलने की मशीन बनते जा रहे हैं अखिलेश :मौर्य
03-Jan-2022 08:28 PM 1234656
देवरिया,03 जनवरी (AGENCY) उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने समाजवादी पार्टी(सपा) के अध्यक्ष अखिलेश यादव को ‘झूठ बोलने वाली आटोमेटिक मशीन’ करार देते हुये कहा है कि योगी सरकार के कामों को अपना काम बता रहे सपा मुखिया की सरकार में सिर्फ कागजों पर ही काम होता था जबकि मौजूदा सरकार जमीन पर काम कर रही है। मौर्य ने सोमवार को देवरिया जिले में एक जनसभा को सम्बोधित करते हुए अखिलेश के ब्राह्मण प्रेम पर भी तंज कसा। उन्होंने कहा कि कारसेवकों पर गोली और कांवरियों पर लाठी बरसाने वालों को अचानक राम की याद आने लगी है। उन्होंने कहा कि जो राम का नहीं हुआ, वह परशुराम का क्या होगा। ऐसे ‘चुनावी हिन्दुओं’ से सावधान रहने की आवश्यकता है। मौर्य ने कहा कि उत्तर प्रदेश का किसान भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के साथ चट्टान की तरह खड़ा है, क्योंकि प्रदेश के किसान जानते हैं कि सपा, बसपा और कांग्रेस की सरकारों ने किसानों को छलने का काम किया है। उन्होंने कहा कि भाजपा की केन्द्र और प्रदेश की सरकार किसानों के हित में काम करने के लिये कटिबद्ध हैं। मौर्य ने कहा कि जिस तरह से योगी सरकार के हर काम को सपा प्रमुख अखिलेश अपना काम बता रहे हैं, उससे साफ हो गया है कि वह अब झूठ बोलने वाली ऑटोमेटिक मशीन बन चुके हैं। उन्होंने कहा कि कन्नौज के इत्र व्यापारी के यहां करोड़ों रुपये मिलने पर अखिलेश ने उक्त व्यापारी से अपने संबंधों को खारिज कर दिया लेकिन इस मामले में उनके परेशान दिखने से हकीकत साफ हो गयी। उन्होंने कहा कि विपक्ष भाजपा के रथ को रोकना चाहता है, लेकिन आगामी चुनाव में भाजपा का रथ रुकने वाला नहीं है। उन्होंने दावा किया कि चुनाव में भाजपा को 300 से ज्यादा सीट मिलेगी।...////...
© 2025 - All Rights Reserved - timespage | Hosted by SysNano Infotech | Version Yellow Loop 24.12.01 | Structured Data Test | ^