जी-20 की नारी सशक्तीकरण पर दूसरी बैठक तिरुवनंतपुरम में
03-Apr-2023 03:39 PM 1234694
नयी दिल्ली 03 अप्रैल (संवाददाता) जी -20 की नारी सशक्तीकरण पर दूसरी बैठक केरल के तिरुवनंतपुरम में मंगलवार से आरंभ होगी जिससे “ नारी सशक्तीकरण: समानता एवं अर्थव्यवस्था के लिए एक लाभप्रद स्थिति” पर मंथन होगा। केंद्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्रालय ने सोमवार को यहां बताया कि इस बैठक के समापन सत्र में केंद्रीय महिला एवं बाल विकास राज्य मंत्री डॉ. मुंजपरा महेंद्रभाई उपस्थित रहेंगे। यह बैठक तीन दिन चलेगी। बैठक के दौरान विभिन्न सत्रों में हुई विषयगत चर्चा एवं विचार-विमर्श जी- 20 नारी सशक्तीकरण में परिलक्षित होंगे और इन्हें सिफारिशों के रूप में जी-20 के नेताओं को सौंपा जाएगा। केंद्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्रालय के सचिव इंदेवर पांडेय और जी- 20 सचिवालय तथा केंद्र सरकार एवं केरल सरकार के अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी इस बैठक में उपस्थित रहेंगे। मंत्रालय ने बताया कि जी-20 पारी सशक्तीकरण प्रारंभिक बैठक 11-12 फरवरी को उत्तर प्रदेश के आगरा में आयोजित की गई थी। दूसरी बैठक 4-6 अप्रैल के दौरान तिरुवनंतपुरम में आयोजित होगी। दूसरी बैठक का विषय “ नारी सशक्तीकरण: समानता एवं अर्थव्यवस्था के लिए एक लाभप्रद स्थिति” है। भारत की जी-20 की अध्यक्षता महिलाओं के आर्थिक सशक्तीकरण की दिशा में परिवर्तनकारी बदलावों को आगे बढ़ाने की दृष्टि से समावेशी, न्यायसंगत, महत्वाकांक्षी, निर्णायक और कार्रवाई उन्मुख है। विभिन्न देश महिलाओं को सशक्त बनाने पर अभूतपूर्व तरीके से ध्यान केन्द्रित कर रहे हैं। मुख्य कार्यक्रम के साथ-साथ चाय, कॉफी, मसालों एवं नारियल खेती एवं उत्पादन, महिलाओं के नेतृत्व वाले एफपीओ के काम और स्वदेशी खिलौनों के निर्माण, हथकरघा एवं हस्तशिल्प से जुड़े कार्यों में महिलाओं की भागीदारी को प्रदर्शित करने के लिए राष्ट्रीय फैशन प्रौद्योगिकी संस्थान एक प्रदर्शनी का आयोजन कर रहा है। इस प्रदर्शनी में महिलाओं के आयुर्वेदिक और कल्याणकारी उत्पादों को भी प्रदर्शित किया जाएगा।...////...
© 2025 - All Rights Reserved - timespage | Hosted by SysNano Infotech | Version Yellow Loop 24.12.01 | Structured Data Test | ^