जन शिकायतों के त्वरित निस्तारण पर ध्यान दें अधिकारी: योगी
20-Aug-2023 04:40 PM 1234685
लखनऊ, 20 अगस्त (संवाददाता) उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा है कि अधिकारी जन शिकायतों के त्वरित निस्तारण के लिए गंभीर प्रयास करें। अपने सरकारी आवास पर जनता दर्शन कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने रविवार को 190 फरियादियों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं। उन्होंने हर किसी को आश्वस्त किया कि सबकी समस्या का निस्तारण कराना उनकी प्रतिबद्धता है। प्रार्थना पत्रों को संबंधित अधिकारियों को संदर्भित करते हुए त्वरित और संतुष्टिपरक निस्तारण का निर्देश देने के साथ मुख्यमंत्री ने आमजन को भरोसा दिलाया कि सरकार हर पीड़ित की समस्या का समाधान कराने के लिए दृढ़ संकल्पित है। इस दौरान मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से कहा कि हर पीड़ित के साथ संवेदनशील व्यवहार अपनाते हुए उसकी मदद की जाए। किसी की जमीन पर कब्जा करने वाले, कमजोरों को परेशान करने वाले किसी भी सूरत में बख्शे न जाएं। उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। जनता दर्शन में कई लोग इलाज के लिए आर्थिक सहायता की गुहार लेकर पहुंचे थे। मुख्यमंत्री ने उन्हें आश्वस्त किया कि सरकार इलाज के लिए भरपूर मदद करेगी। उनके प्रार्थना पत्रों को अधिकारियों को हस्तगत करते हुए मुख्यमंत्री ने निर्देश दिया कि इलाज से जुड़ी एस्टीमेट की प्रक्रिया को जल्द से जल्द पूर्ण करा कर शासन में उपलब्ध कराया जाए।...////...
© 2025 - All Rights Reserved - timespage | Hosted by SysNano Infotech | Version Yellow Loop 24.12.01 | Structured Data Test | ^