गहलोत ने वित्त वर्ष 2023-24 के बजट को दिया अन्तिम रूप
09-Feb-2023 05:16 PM 1234692
जयपुर, 09 फरवरी (संवाददाता) राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने आज वित्त वर्ष 2023-24 के राज्य बजट को अन्तिम रूप दिया। श्री गहलोत ने मुख्यमंत्री निवास पर इसे अंतिम रुप दिया। इस अवसर पर वित्त विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव अखिल अरोड़ा, शासन सचिव वित्त (राजस्व) कृष्ण कांत पाठक, शासन सचिव वित्त (बजट) रोहित गुप्ता, शासन सचिव वित्त (व्यय) नरेश कुमार ठकराल एवं निदेशक (बजट) ब्रजेश शर्मा उपस्थित थे। उल्लेखनीय है कि श्री गहलोत शुक्रवार को विधानसभा में राज्य बजट पेश करेंगे। यह उनके तीसरे एवं वर्तमान कार्यकाल का पांचवां एवं अंतिम बजट है। श्री गहलोत के पास वित्त विभाग का जिम्मा भी है और उनके तीन मुख्यमंत्री काल में अब तक वह नौ बार राज्य का बजट पेश कर चुके है और वह शुक्रवार को दसवीं बार राज्य का बजट पेश करेंगे। मुख्यमंत्री रहते भैरों सिंह शेखावत ने वित्त मंत्री का कार्यभार अपने पास रख खुद ने राज्य बजट पेश किया था और इसके बाद जब श्री गहलोत वर्ष 1998 में पहली बार प्रदेश के मुख्यमंत्री बने तब उन्होंने वित्त मंत्रालय अपने पास नहीं रखा था और उस समय के वित्त मंत्री प्रद्युम्न सिंह ने विधानसभा में बजट पेश किया था। जबकि श्रीमती वसुंधरा राजे ने अपने दोनों मुख्यमंत्री काल में वित्त विभाग अपने पास रखा और वह दस बार राज्य का बजट पेश कर चुकी है।...////...
© 2025 - All Rights Reserved - timespage | Hosted by SysNano Infotech | Version Yellow Loop 24.12.01 | Structured Data Test | ^