एनसीसी लखनऊ ने निकाली जागरूकता साइकिल रैली
11-Aug-2022 06:45 PM 1234660
लखनऊ, 11 अगस्त (AGENCY) ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के बारे में जागरूकता पैदा करने के मकसद से, 63 यूपी बटालियन एनसीसी ने गुरूवार को लखनऊ विश्वविद्यालय परिसर से एक साइकिल रैली का आयोजन किया। इस रैली में बटालियन के अधिकारियों, कर्मचारियों और कैडेटों ने भाग लिया। ‘भारत माता की जय’ और ‘हर घर तिरंगा, घर-घर तिरंगा’ के नारे लगाते हुए साइकिल चालक लखनऊ विश्वविद्यालय से चल कर 1090 चौराहा, संकल्प वाटिका, सिकंदरबाग, अटल चौक, परिवर्तन चौक होते हुए वापस विश्वविद्यालय परिसर में आये। इस दौरान उन्होने लगभग 18 किलोमीटर की दूरी तय की। आयोजन को सफल बनाने में यातायात पुलिस सहित नगर प्रशासन का योगदान रहा। कार्यक्रम में काफी संख्या में नागरिक भी शामिल हुए। रैली ने हर घर में राष्ट्रीय ध्वज फहराने के विषय पर जागरूकता पैदा की। इस तरह के आयोजन न केवल राष्ट्रीय भावना को बढ़ाने में मदद करते हैं बल्कि राष्ट्रीय एकता के प्रति नागरिकों के सकारात्मक दृष्टिकोण को आत्मसात करने में भी मदद करते हैं। इस दौरान 63 यूपी बटालियन के कमान अधिकारी कर्नल सुमीत पुरी, प्रशासनिक अधिकारी कर्नल पीपी किशोर, पीआई स्टाफ और एनसीसी कैडेटों ने भी बड़े उत्साह के साथ साइकिल रैली में भाग लिया।...////...
© 2025 - All Rights Reserved - timespage | Hosted by SysNano Infotech | Version Yellow Loop 24.12.01 | Structured Data Test | ^