डरे हुए हैं केसीआर, इसलिए भाजपा अध्यक्ष को डाला जेल में : शिवराज
07-Jan-2022 05:09 PM 1234798
हैदराबाद, 07 जनवरी (AGENCY) मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने आज तेलंगाना के मुख्यमंत्री के चंद्रशेखर राव (केसीआर) पर हमला बोलते हुए कहा कि वे इतना डरे हुए है कि उन्होंने भारतीय जनता पार्टी की तेलंगाना इकाई के अध्यक्ष को जेल में डाल दिया। श्री चौहान आज हैदराबाद स्थित भाजपा के प्रदेश कार्यालय में तेलंगाना सरकार की नीतियों के विरुद्ध आयोजित सभा में उद्बोधन दे रहे थे। इस दौरान मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि केसीआर इतने डरे हुए हैं, कायर हैं कि उन्होंने भाजपा के अध्यक्ष को जेल में डाल दिया। एक कायर आदमी ही विरोध करने वाले को जेल में डाल देता है। जब श्रीकृष्ण का जन्म जेल में हुआ तो कंस भी डर गया था। उन्होंने कहा कि जब तक तेलंगाना सरकार गिराकर धूल में नहीं मिलाएंगे, तब तक चैन की साँस नहीं लेंगे। श्री चौहान ने कहा कि जब भाजपा कहती थी कि रामलला हम आएंगे, मंदिर वहीं बनाएंगे, तो विरोधी कहते थे, कि तारीख नहीं बताएंगे। आज सभी देख रहे हैं कि अयोध्या में श्रीराम लला का भव्य मंदिर बन रहा है। उन्होंने कहा कि भाजपा तो वर्षों से अन्याय के खिलाफ लड़ रही है, केसीआर से भी लड़ेगी। विपक्ष मैदान में मुकाबला नहीं कर पाता, पंजाब में जो घटना हुई है, भारत के इतिहास में वो कभी नहीं हुई। उन्होंने कहा कि वे मुख्यमंत्री थे और कांग्रेस की सरकार केंद्र में थी। उन्होंने स्वयं का संदर्भ देते हुए कहा कि उन्होंने अमेरिका में कहा था कि भारत का प्रधानमंत्री कभी अंडरअचीवर नहीं हो सकता, लेकिन कांग्रेस बेशर्मी की सारी हदें पार कर रही है। उन्हाेंने तेलंगाना के मुख्यमंत्री से सवाल किया कि उन्होंने राज्य की जनता को कितने वचन दिए थे। क्या कोई वचन आज तक पूरा हुआ। मुख्यमंत्री वचन नहीं निभाते और जनता मांग करती है तो उनको कुचल दिया जाता है। भाजपा तेलंगाना को एक आदर्श राज्य बनाकर ही दम लेगी। श्री चौहान ने कहा कि भारत के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में एक वैभवशाली, गौरवशाली, शक्तिशाली, सशक्त और समृद्ध भारत का निर्माण हो रहा है, लेकिन कांग्रेस की घटिया मानसिकता ने उनकी जिंदगी को पंजाब में संकट में डालने का पाप किया।...////...
© 2025 - All Rights Reserved - timespage | Hosted by SysNano Infotech | Version Yellow Loop 24.12.01 | Structured Data Test | ^