06-Sep-2021 12:21 PM
1234660
प्रदेश में 6 जिलों की 78 पंचायत समितियों और सभी जिलों में जिला प्रमुख के वार्ड सदस्यों के रिजल्ट घोषित हो गए हैं। आज सभी की निगाहें जिला प्रमुख और प्रधान के चुनाव पर हैं। इसके लिए आज सुबह 10 बजे से चुनाव प्रक्रिया शुरू हो जाएगी। प्रशासन ने तैयारियां पूरी कर ली है। जयपुर समेत सभी जिलों में जिला प्रमुख का चुनाव जिला परिषद मुख्यालय पर, जबकि प्रधान के चुनाव पंचायत समितियों में करवाए जाएंगे।
जोधपुर, जयपुर, दौसा और सवाई माधोपुर की स्थिति देखे तो यहां कांग्रेस को बहुमत है, इसलिए यहां कांग्रेस का जिला प्रमुख बनना तय है। जबकि सिरोही में भाजपा के पास बहुमत है। भरतपुर की स्थिति निर्दलीयों व बसपा से जीतकर आए जिला परिषद सदस्यों पर निर्भर करेगी। जिला प्रमुख के चुनाव के लिए नामांकन की प्रक्रिया सुबह 10 बजे से शुरू हो जाएगी, जो 11 बजे तक भरे जाएंगे। सुबह 11:30 बजे नामांकन पत्रों की जांच होगी। उम्मीदवार को दोपहर एक बजे तक नाम वापस लेने का समय दिया जाएगा। एक से अधिक उम्मीदवार होने पर दोपहर 1 बजे के बाद चुनाव चिह्नों का आवंटन किया जाएगा। दोपहर 3 से शाम 5 बजे तक वोटिंग होगी। वोटिंग खत्म होने के तुरंत बाद वोटों की काउंटिंग करके रिजल्ट घोषित किया जाएगा।
जयपुर में कांग्रेस की ओर से सरोज शर्मा ने और भाजपा की ओर से रमा देवी और अचरज कंवर ने जिला जिला प्रमुख के लिए नामांकन दाखिल कर दिया है। इनमें भाजपा की ओर से नामांकन दाखिल करने वाली रामा देवी कांग्रेस के सिंबल पर वार्ड 17 से चुनाव जीतकर आई हैं। ऐसे में कांग्रेस की बगावत सामने आ गई है। वहीं भरतपुर में भाजपा से जगत सिंह ने जिला प्रमुख के लिए आवेदन किया है। सिरोही जिला प्रमुख पद के लिए भाजपा से अर्जुन पुरोहित ने नामांकन भरा है। कांग्रेस से पूर्व यूआईटी अध्यक्ष हरीश चौधरी ने नामांकन भरा है। दौसा में कांग्रेस से हिरालाल सैनी और भाजपा से नीलम गुर्जर ने नामांकन भरा है। भाजपा से जीते हरदेव गुर्जर ने भी नामांकन भरा है।
जिला प्रमख के सीटों की स्थिति
भरतपुर (सामान्य), सवाई माधोपुर (सामान्य), सिरोही (सामान्य), जयपुर (सामान्य महिला), जोधपुर (सामान्य महिला) और दौसा (ओबीसी)।
ये है जिलों में सदस्यों की गणित
दौसा जिला परिषद के 29 वार्ड में से 17 पर कांग्रेस, 8 पर बीजेपी, 3 निर्दलीय और 1 पर बसपा है। सवाईमाधोपुर में कांग्रेस का बहुमत है, 25 वार्ड में से 16 पर कांग्रेस जीती है, जबकि 8 पर बीजेपी और 1 में निर्दलीय हैं। सिरोही में 21 वार्ड में से 17 पर बीजेपी और 4 वार्डों में कांग्रेस जीती है। जयपुर में 51 वार्ड में से 27 पर कांग्रेस और 24 पर बीजपी के सदस्य हैं। भरतपुर में 37 वार्ड में से 17 में बीजेपी, 14 में कांग्रेस और 2 में बसपा के सदस्य हैं।
प्रधान और उप जिला प्रमुख के लिए भी यही प्रक्रिया
जिला प्रमुख के चुनाव की प्रक्रिया की तरह ही प्रधान, उप जिला प्रमुख और उप प्रधान के चुनाव की प्रक्रिया होगी। उप जिला प्रमुख और उप प्रधान का चुनाव 7 सितंबर को होगा। जिला प्रमुख, प्रधान, उप जिला प्रमुख और उप प्रधान के चुनाव में जीते हुए पंचायत समिति सदस्य और जिला परिषद सदस्य वोट करेंगे।
district chief..///..congress-is-almost-certain-to-become-district-chief-in-4-out-of-6-315625