बिहार में टैक्सटाइल पार्क के अच्छे प्रस्ताव पर विचार करेगा केंद्र: गोयल
23-Mar-2022 11:47 AM 1234675
नयी दिल्ली, 23 मार्च (AGENCY) केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग, कपड़ा और खाद्य नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामलों के मंत्री पीयूष गोयल ने कहा है कि केंद्र सरकार बिहार में टेक्सटाइल पार्क खोलने के अच्छे प्रस्ताव पर विचार करने को तैयार है। श्री गोयल ने दिल्ली हॉट में बिहार उत्सव 2022 को मंगलवार को संबोधित करते हुए बिहार सरकार को सलाह दी है कि वह राज्य में औद्योगिक निवेश को आकर्षित करने के लिए देशभर में रोड शो आयोजित करें। उन्होंने कहा, बिहार हमें टेक्सटाइल पार्क का अच्छा प्रस्ताव भेजें हम उस पर जरूर विचार करेंगे। श्री गोयल ने कहा कि बिहार में जल संसाधन प्रचुर मात्रा में उपलब्ध है। राज्य के लोगों में परंपरागत कौशल है। युवाओं में परिश्रम और पराक्रम भी है। जरूरत युवाओं को सरकारी नौकरी के मोह से उबार कर कौशल उद्यमशीलता की ओर प्रेरित करने की है। कार्यक्रम में राज्य के उद्योग मंत्री शाहनवाज हुसैन, भारतीय जनता पार्टी की बिहार इकाई के संजय जायसवाल, सांसद रमा देवी और अन्य प्रतिनिधि भी उपस्थित थे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 2014 में केंद्र में सरकार का नेतृत्व संभालने के बाद सभी मंत्रियों को विकास से वंचित पूर्वी और पूर्वोत्तर के राज्यों पर विशेष ध्यान देने का निर्देश दिया था। बिहार में कई नई परियोजनाएं शुरू की गईं जिसमें बिजली और रेलवे की परियोजनाएं शामिल हैं। बिहार में लोगों के पास हुनर है जो यहां दिल्ली हाट में लगी चीजों की प्रदर्शनी में स्पष्ट दिखती है। वहां बड़ी संभावनाएं हैं। श्री गोयल ने कहा कि बिहार ने सदियों तक भारत का निर्मित नेतृत्व किया। चाणक्य, आर्यभट्ट, महावीर स्वामी और बुद्ध की इस भूमि की संभावनाओं को देश दुनिया में भुला दिया गया था पर आज स्थितियां बदल रही हैं। किसान रेल आज राज्य की फल और सब्जियों को देश के दूसरे कोनों में पहुंचा रही है। राज्य के बहुत से उत्पाद जिसमें शाही लीची, मखाना और सिल्क उत्पाद हैं देश दुनिया के बाजारों में पहुंचने लगे हैं। इनकी क्षमताओं काे अभी तक देश और दुनिया ने पहचाना नहीं है। श्री गोयल ने कहा कि आज केंद्र और राज्य सरकार डबल इंजन के रूप में मिलकर राज्य के विकास के लिए काम कर रही हैं ।...////...
© 2025 - All Rights Reserved - timespage | Hosted by SysNano Infotech | Version Yellow Loop 24.12.01 | Structured Data Test | ^