बड़े नामों में फ्रेंचाइजियों ने नहीं दिखाई रुचि
13-Feb-2022 03:16 PM 1234676
बेंगलुरु, 13 फरवरी (AGENCY) आईपीएल 2022 नीलामी के दूसरे दिन रविवार को फ्रेंचाइजियों ने बड़े नामों में कोई रुचि नहीं दिखाई। नीलामी के दूसरे दिन लंच तक 43 खिलाड़ियों के लिए बोली लगी, जिसमें से 20 खिलाड़ियों को खरीददार मिले, जबकि 23 खिलाड़ी नहीं बिके। इन 43 खिलाड़ियों में 10 बड़े विदेशी खिलाड़ियों पर भी आईपीएल फ्रेंचाइजियों ने बोली नहीं लगाई। इनमें इंग्लैंड की सफेद गेंद टीम के कप्तान इयोन मोर्गन (1.50 करोड़) और ऑस्ट्रेलिया की सफेद गेंद टीम के कप्तान आरोन फिंच (1.50 करोड़) सहित डेविड मलान (1.50 करोड़), नाथन कोल्टर नाइल (दो करोड़), क्रिस जॉर्डन (दो करोड़), तबरेज शम्सी (एक करोड़), लुंगी एनगिदी (50 लाख), जिमी नीशम (1.50 करोड़), ईश सोढ़ी (50 लाख) और शेल्डन काॅट्रेल शामिल रहे। सात विदेशी खिलाड़ियों पर बोली लगी और सबसे महंगे इंग्लैंड के ऑलराउंडर लियाम लिविंगस्टोन बिके, जिन्हें पंजाब किंग्स ने 11.50 करोड़ रुएए में खरीदा। पंजाब किंग्स ने छह करोड़ रुपए खर्च कर एक और ऑलराउंडर ओडिन स्मिथ को भी खरीदा। इसके अलावा सनराइजर्स हैदराबाद ने युवा दक्षिण अफ्रीकी तेज गेंदबाज मार्को यान्सन को 4.20 करोड़ और उनके हमवतन एडन मारक्रम 2.60 करोड़ में खरीदा। वहीं गुजरात टाइंट्स ने कैरेबियाई ऑलराउंडर डोमिनिक ड्रेक्स को 1.10 करोड़, लखनऊ सुपर जायंट्स ने श्रीलंकाई तेज गेंदबाजी दुष्मंता चमीरा को दो करोड़ रुपए और चेन्नई सुपर किंग्स ने श्रीलंकाई स्पिनर महेश दीक्षाना को 70 लाख रुपए में टीम में शामिल किया। इस बीच आठ अनकैप्ड भारतीय खिलाड़ियों में से केवल रिंकू सिंह और मनन वोहरा को ही खरीददार मिले। रिंकू 55 लाख रुपए में कोलकाता नाइट राइडर्स, जबकि मनन अपने आधार मूल्य 20 लाख रुपए में लखनऊ सुपर जायंट्स में शामिल हुए।...////...
© 2025 - All Rights Reserved - timespage | Hosted by SysNano Infotech | Version Yellow Loop 24.12.01 | Structured Data Test | ^