23-May-2023 09:37 AM
1234800
मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि रेल जनता और संस्कृति को जोड़ने का बेहतर जरिया है। पन्ना में रेल लाइन बनने और ट्रेन शुरू होने पर यह निवेश की दृष्टि से पसंदीदा क्षेत्र बनेगा। यहाँ निवेश, उद्योग एवं रोजगार के अवसर बढे़ंगे। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने आज जनकपुर में पन्ना रेलवे स्टेशन का भूमि-पूजन किया। इस मौके पर उन्होंने जनता को रेल की सौगात मिलने पर बधाई व शुभकामनाएं भी दीं। साथ ही कहा कि रेल शुरू होने से हीरा की तरह पन्ना की चमक भी बढ़ेगी। लोगों की वर्षों पुरानी रेल लाइन की मांग पुरी हुई है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि महाराजा छत्रसाल जयंती पर पन्ना गौरव दिवस का आयोजन भी सराहनीय है। महाराजा छत्रसाल पराक्रमी शासक थे। महाराजा छत्रसाल ने पन्ना को राजधानी बनाया था। उन्होंने कहा कि अब ललितपुर-सिंगरौली रेल लाइन पर तेजी से काम होगा। डायमण्ड के स्वरूप में पन्ना रेलवे स्टेशन की अलग पहचान होगी। रेल मंत्री और स्थानीय सांसद का इस सौगात के लिए आभार भी जताया। खनिज मंत्री द्वारा क्षेत्रवासियों की समृद्धि के लिए किए जा रहे प्रयासों की सराहना करते हुए पन्ना को नये मुकाम पर पहुँचाने की अपेक्षा की।